असम हाईवे पर निर्माणाधीन ओबरब्रिज पर रखे जा रहे गर्डर । संवाद
- ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को डीएम ने दिए थे खंभे हटाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। असम चौराहे पर फ्लाईओवर के निर्माण में बिजली के खंभे बाधा बने हुए थे। पूरी प्रक्रिया होने के बाद भी उनको हटाया नहीं जा रहा था। डीएम के संज्ञान में मामला आने के बाद बिजली के खंभे हटाने और गर्डर रखने का काम तेज कर दिया गया है। बता दें कि निर्माण कार्य जून तक पूरा करने के निर्देश हैं।
असम हाईवे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का काम जून तक पूरा कराने के लिए कार्यदायी संस्था जुटी हुई है। एक सप्ताह पहले डीएम के सामने मामला आया था कि बिजली के खंभों को नहीं हटाया जा रहा है। इसके चलते गर्डर रखने का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम संजय कुमार सिंह ने ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता से फोन पर बात कर जल्द खंभों को हटाने की बात कही थी।
इसके बाद खंभों और तार को हटाने का काम शुरू करा दिया गया। यह बाधा दूर होने के बाद अब काम ने फिर से कुछ तेजी पकड़ ली है। बरेली की ओर से गर्डर रखने के बाद अब पूरनपुर की ओर गर्डर रखने का काम किया जा रहा है। इसमें काफी दूरी तक गर्डर को रखवा दिए गए हैं। बता दें कि यह काम जून तक पूरा किया जाना है। ऐसे में अभी काफी काम गर्डर रखने के बाद भी शेष रह जाएंगे। कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर तरुण बनर्जी ने बताया कि काम को तेजी के साथ पूरा कराया जा रहा है। गर्डर रखने के बाद अन्य कार्यों को किया जाएगा।