मेडिकल कॉलेज में पुरानी मशीन से जैसे-तैसे चलाया जा रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मेडिकल कॉलेज में लगी डिजिटल एक्स- रे मशीन छह दिन बाद भी ठीक नहीं हो सकी। ऐसे में वहां आने वाले मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मरीजों के साथ ही पुलिस से संबंधित मामलों का भी एक्स-रे नहीं हो पा रहा है। पुरानी मशीन से ही जैसे-तैसे काम चलाया जा रहा है।
तमाम दावों के बाद भी मेडिकल कॉलेज में चिकित्सीय सेवाएं सुधर नहीं पा रही हैं। कहीं दवा के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा तो कहीं चिकित्सक को दिखाने के लिए लोग परेशान होते है। अब यहां पर डिजिटल एक्स-रे कराने आने वाले मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
24 अप्रैल से मेडिकल कॉलेज में यह सेवा ठप पड़ी हुई है। पुरानी मशीन से ही काम चलाना पड़ रहा है। डिजिटल सेवा कब तक ठीक होगी, इसको लेकर जिम्मेदार भी कोई सटीक जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
........
सीएमएस से की जा चुकी है शिकायत
कोषागार कर्मचारी संघ के जिलामंत्री राजेंद्र कुमार ने मशीन को सही कराने के लिए सीएमएस को पत्र भी दिया था, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
.......
रोजाना आते हैं 250 से 300 मरीज
मेडिकल कॉलेज में एक्स- रे कराने के लिए रोजाना 250 से 300 मरीज आते हैं। पर्चा आदि बनाने के बाद सभी लोगों का एक्स-रे नहीं हो पाता है। पुरानी मशीन से काम चलाया जा रहा है लेकिन सभी मरीज संतुष्ट नहीं हो पा रहे।
........
डिजिटल एक्स-रे मशीन को जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा। कोशिश है कि मरीजों की दिक्कत जल्द दूर हो।- डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस