पीलीभीत। जिले में डेंगू और मलेरिया बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बरखेड़ा ब्लॉक के पिपरिया मंडन व पौटाकला में डेंगू के दो मरीज मिले। पिपरिया मंडन गांव के पांच घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। इसकी सूचना मिलने स्वास्थ्य विभाग की टीमें पिपरिया मंडन और पौटा कला पहुंचीं। स्वास्थ्य टीम ने दवा का छिड़काव कराकर लार्वा नष्ट किया। डेंगू की पुष्टि के लिए एलाइजा जांच कराई जाएगी, जिसके लिए सैंपल लेकर लखनऊ भेजा गया है।
बरखेड़ा ब्लॉक के गांव पिपरिया मंडन निवासी 30 वर्षीय युवक को दो दिन पहले बुखार आया था। जांच कराने पर उसकी एनएस-़1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट मिलने के बाद शुक्रवार को टीम ने पिपरिया मंडन जाकर मरीज का सैंपल लिया, जो परीक्षण के लिए लखनऊ भेजा गया है। स्वास्थ्य टीम ने गांव में जांच पड़ताल की तो पिपरिया मंडन के पांच घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। इस पर टीम ने दवा का छिड़काव कराया।
इसके अलावा पौटाकला गांव के रहने वाले 35 वर्षीय युवक को बुखार आया। उसकी जांच कराने पर डेंगू के लक्षण पाए गए। हालांकि युवक अब ठीक है। मलेरिया सहायक अधिकारी राजीव मौर्या ने बताया कि जितने भी डेंगू के मरीज मिले हैं। सभी के सैंपल लेकर एलाइजा की जांच के लिए लखनऊ भेज दिए गए हैं। पिपरिया मंडन गांव के पांच घरों में डेंगू का लार्वा मिला था। सभी मकान मालिकों को नोटिस दिया गया है। अगर दोबारा इस तरह का कुछ मिला तो संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे करें डेंगू से बचाव
घरों में रखे कूलर, टंकी, गमले, टायर, फ्रिज की ट्रे और आसपास के गड्ढों को खाली करें और सुखाएं।
राजीव मौर्या, जिला मलेरिया अधिकारी, पीलीभीत
दिन में ही काटता है डेंगू का मच्छर
डेंगू का मच्छर दिन में ही काटता है। काली या अंधेरी जगह पर बैठता है। एक बार में एक मच्छर 6-7 लोगों को शिकार बना सकता है। घरों में पनपे मच्छर सबसे पहले घर वालों के संपर्क में आते हैं। जागरूकता दिखाएं और कभी भी जल भराव न होने दें तो डेंगू फैलने से रोकना आसान है।