डीजे पर नाचता पुलिसकर्मी। (सोशल मीडिया)
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। एक समारोह में घुंघचाई पुलिस चौकी इंचार्ज का वर्दी में डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। वीडियो लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो सप्ताह भर पुराना बताया जा रहा है। क्षेत्र के एक गांव में एक पूर्व प्रधान के भाई की सगाई पर जश्न मनाया गया था। जश्न में लोगों ने मंच पर खूब डांस किया गया था। घुंघचाई चौकी इंचार्ज राजीव चौहान भी मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने भी आनंद लेने के साथ स्टेज पर पहुंचकर खूब ठुमके लगाए। चर्चा तो यह भी है कि चौकी इंचार्ज ने स्टेज से फायरिंग भी की। मगर वायरल वीडियो में इसका कोई दृश्य नहीं दिखा। चौकी इंचार्ज के ठुमके लगाने का किसी ने वीडियो बना लिया। बुधवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। चौकी इंचार्ज राजीव चौहान ने बताया कि 25 जनवरी को एक पूर्व प्रधान के भाई की सगाई थी। दो पक्षों में झगड़ा होने की सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचा था। झगड़ रहे लोगों को डांट शांत करा दिया। विवाद निपटने पर कुछ लोगों ने उनको हाथ पकड़ कर स्टेज पर खींच लिया और डांस करने को कहने लगे। डांस नहीं किया गया। लोगों ने हाथ पकड़कर ऊपर को करा दिए थे। सीओ वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि घुंघचाई चौकी इंचार्ज राजीव चौहान का वर्दी में डांस करता हुआ एक वीडियो देखने को मिला है। इसकी जानकारी एसपी को दे दी गई है। अफसरों के निर्देश पर अगली कार्रवाई होगी।
कोट-
सीओ से वीडियो के संबंध में जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
दिनेश कुमार पी, पुलिस अधीक्षक