बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव सफौरा की नहर में बुधवार को सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पहनावे के आधार पर पुलिस उसे मुस्लिम मान रही है लेकिन पहचान नही हो सकी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सफौरा के कुछ लोग बुधवार को सुबह लगभग 10 बजे गांव के पास से गुजर रही नहर की पटरी से होते हुए खेत पर जा रहे थे। गांव के पूरब में उन्हें नहर में एक शव उतराता हुआ दिखाई पड़ा। यह बात पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्रपाल की सूचना पर कोतवाल नरेश त्यागी और चीनी मिल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हरवंश कुमार पहुंचे। पुलिस ने शव नहर से बाहर निकलवाया। सिर पर ऐसी टोपी थी जिसे मुस्लिम पहनते हैं। उसके सफेद कुर्ते की जेब में मुस्लिम जैसी एक और टोपी थी। पैरों में अंगूठेदार चप्पलें थी। नीली जर्सी और सफेद पायजामा पहना हुआ था। गले में ताबीज था। पुलिस के अनुसार शव लगभग दो दिन पुराना लग रहा है। शव पश्चिम की ओर से नहर में बहता हुआ आया। काफी प्रयास करने पर भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। कोतवाली में किसी व्यक्ति की गुमशुदगी भी दर्ज नहीं है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक कहीं बाहर का है। शव किसी मुस्लिम व्यक्ति का होने अंदेशा है। पुलिस ने शव सील करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से मिला सारा सामान सील कर दिया। सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण पता चल पाएगा।