खेत में लगाई गई आग से जली गन्ने की फसल। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। जमीन के विवाद में दबंगों ने खेत में खड़ी 14 बीघा गन्ने की फसल में आग लगा दी। इसमें चार बीघा की फसल पूरी तरह से बरबाद हो गई। आनन-फानन खेत स्वामी गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर से खेत जोतकर और पानी डालकर बमुश्किल आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग गए। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मामला थाना सुनगढ़ी के गौहनिया गांव का है। पूर्व प्रधान तिलकराम का गांव के ही रहने वाले प्रेम, छोटे और बाबू समेत आठ लोगों से खेत बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। तिलकराम के अनुसार उनका डेढ़ बीघा खेत इन आठ लोगों के खेत में निकला है। कुछ दिन पहले तहसील प्रशासन ने उनके खेत में पैमाइश कर तूदाबंदी कर दी। तिलकराम का आरोप है कि प्रेम, छोटे और बाबू समेत आठ लोगों ने दो दिन पहले खेत में लगे तूदा उखाड़ कर फेंक दिए। जब तिलकराम और उनके भाई हरिओम ने विरोध किया तो मारपीट पर आमादा हो गए। हरिओम द्वारा इसकी शिकायत थाना सुनगढ़ी में दी गई।
आरोप है कि मंगलवार को इन दबंगों ने उनके खेत में खड़ी 14 बीघा गन्ने की फसल में आग लगा दी। आनन-फानन में तिलकराम अपने परिवार और गांव के लोगों को लेकर खेत पर पहुंचे। ट्रैक्टर से खेत जोतकर और पानी डालकर आग पर काबू पाया। तब तक चार बीघा फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। तब तक आरोपी भाग गए थे। पुलिस आरोपियों के घर पर भी पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। रात तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मुआयना करने पहुंची।