फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चोरों ने दिनदहाड़े दो  बंद मकान खंगाले

Tue, 24 May 2016 11:13 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पीलीभीत
विज्ञापन
चोरी - फोटो : pilibhit, beureu
विज्ञापन
एकता नगर कालोनी में चोरों ने एक साथ दो बंद मकानों के ताले तोड़कर लाखों का सामान समेट लिया। एक घंटे के भीतर वारदात को अंजाम दिया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई है। दिनदहाड़े घटित वारदात से कालोनीवासियों में चोरों की दहशत है। 
विज्ञापन

घटना एक 
एकता नगर कालोनी निवासी डीआईओएस कार्यालय के कर्मचारी संदीप सिंह के मकान में भरतपुर गांव निवासी पंकज कुमार और सिरसा सरदाह गांव के रहने वाले अशोक कुमार राठौर किराए पर रहते है। दोनों युवक एक फोटोग्राफर की दुकान में काम करते है। मंगलवार दोपहर बारह बजे मकान को ताला लगाकर दोनों काम पर निकल गए। इस बीच मेनगेट का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। कमरे का ताला तोड़कर सामान खंगाला। कीमती सामान न होने पर चोर कमरे में रखे छह हजार रुपये चुराकर भाग गए। करीब दो बजे मकान मालिक की पत्नी निशा सिंह ने टूटे ताले देख सूचना देकर दोनों युवकों को दी। 
घटना दो 
चोरी की दूसरी वारदात कालोनी में ही व्यापारी के बंद मकान में अंजाम दी गई। यहां के रहने वाले भूपेंद्र सिंह प्रापर्टी का काम करते हैं। इसके अलावा जमुनी चौराहे पर इनकी फ्रिज रिपेयरिंग की दुकान है। सत्रह मई को पूरे परिवार के साथ पंजाब में सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए हैं। इसके बाद से मकान बंद पड़ा है। पड़ोस के मकान में व्यापारी की मां महिंदर कौर रहती हैं। मंगलवार सुबह करीब ग्यारह बजे ताला खोलकर सामान चेक किया और दुबारा ताला डालकर वापस चली गईं। एक बजे काम करने घर आ रही नौकरानी ने उनको बताया कि भूपेंद्र के घर से दो लड़के निकले हैं। जिस पर उनके होश उड़ गए। आसपास के लोगों को बुलाकर महिला ने मकान को चेक किया, जिसमें मेनगेट का ताला टूटा मिला। अंदर के चार कमरों के ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान भी बिखरा पड़ा था। अलमारियों के लॉकर भी टूटे थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है। देर शाम गृह स्वामी के लौटने पर चोरी गए सामान का पता लगा। पीड़ित भूपेन्द्र सिंह के अनुसार चोर उनके मकान से दस तोला सोने के जेवरात, एक लाख रुपये नगद और एक एक लाख रुपये कीमत का अन्य सामान चोरी गया है।
विज्ञापन


फील्ड यूनिट टीम से नोकझोंक 
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट टीम को बुलाया गया। आरोप है कि फील्ड यूनिट टीम मौके पर आने के बाद फिंगर प्रिंट नहीं उठा रही थी, जिस पर पब्लिक भड़क गई और एसपी से शिकायत करने को कहा। दोनों के बीच कहासुनी के बाद कोतवाल भरत कुमार गौतम ने स्थिति को संभाला, जिसके बाद टीम ने कार्य किया। इसके अलावा घटना के दो घंटे बाद डाग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। जिस कारण कोई खास सुरागरसी नहीं हो सकी। 

तीसरी आंख में कैद हुई तस्वीर, चार थे चोर 
व्यापारी के मकान के कुछ दूरी पर सतनाम सिंह के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद हुई है। फुटेज के मुताबिक चोर चार थे। एक साइकिल से राउंड लेकर आवाजाही पर नजर रखता रहा। दूसरा मोड़ पर बाइक पर बैठा रहा। बकाया दो चोर रॉड से मेनगेट का ताला तोड़कर भीतर घुसे। चोरों ने पहले से ही रेकी कर रखी थी। उनको सोमवार को भी कालोनी में देखा गया था। फुटेज देखने पर पता लगा कि चोरों ने घटना को अंजाम देते समय पकड़ न हो सके, इसके लिए तीन बच्चों की भी मदद ली है। इन बच्चों ने पहले आकर आसपास के माहौल को परखा। खास बात यह है कि एक गाय को भगाने के लिए व्यापारी का भाई सड़क तक आया भी, लेकिन पीछे से ही लौट गया। उस वक्त चोर मकान के भीतर घुसे हुए थे। फुटेज के मुताबिक चोरों की उम्र बीस से पच्चीस वर्ष के बीच है। इसके अलावा दूसरी वारदात को जिस मकान में अंजाम दिया गया। उसके सामने भी कैमरा लगा है। इसकी फुटेज भी पुलिस चेक करेगी। 

घटना की सूचना मिलने पर मौका मुआयना कर जानकारी की गई है। सीसीटीवी की फुटेज में कैद हुई चोरों की तस्वीर से शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। 
विज्ञापन

- भरत कुमार गौतम, शहर कोतवाल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें