बिलसंडा के दो घरों से 12 लाख और बीसलपुर में शिक्षक के घर से 50 हजार का माल उड़ाया
चोरों ने बीसलपुर और बिलसंडा क्षेत्र के दो गांव के तीन घरों में धावा बोलकर नकदी जेवरात सहित करीब 12 लाख का माल चोरी कर लिया। सुबह जानकारी होने पर दोनों घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी गई। इसमें बिलसंडा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई जबकि बीसलपुर में तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
बिलसंडा में गॉव सिघौरा खरगपुर निवासी रामसरन शुक्ला के बेटे पारस की 16 अप्रैल को शादी है। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। सोमवार को उनके भाई राममूर्ति के पौत्र देवांग का मुंडन था। शाम को कार्यक्रम सपन्न होने के बाद सभी लोग सो गए। रात को घर में चोरों ने धावा बोलकर अलमारी का लॉक तोड़ लिया और उसमें रखा सोने का हार, दो चैन, मंगलसूत्र, पॉंच अंगूठी, दो जोड़ झुमकी, दो नथ, एक जोड़ कुंडल, ब्रेसलेट और टॉप्स कुल मिलाकर लगभग 12 तोला सोना और चांदी के खडुअे, करधनी, सात सिक्के व तीन जोड़ पॉयल, सात हजार रुपये नकदी व लैपटॉप चुरा लिया। सुबह अलमारी का लॉक टूटा होने पर घर वालों को इसकी जानकारी हुई। सुबह उनका एक संदूक गांव के बाहर खेतों में खाली पड़ा मिला। उधर गॉंव के रमाकान्त मिश्रा पीलीभीत में रह रहे अपने पुत्र मनोज मिश्रा के पास आए थे। रात को उनके घर का ताला तोड़कर चोरों ने एक जोड़ी सोने के कुंडल, एक जोड़ी चॉदी की पायल व दो हजार रुपये चोरी कर लिए। सुबह घर का ताला टूटा देखकर पड़ोस में रह उनकी भतीजे रितु ने इसकी जानकारी उन्हें दी थी। दोनों परिवार की ओर से पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है। । एसओ जितेन्द्र यादव ने बताया दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
बीसलपुर में मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी बेसिक शिक्षक गंगाराम वर्मा सोमवार को सपरिवार गांव जसोली में मेहमानी में गए थे । रात को चोरों ने मेनगेट का तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने कमरे, रसोईघर व संदूक का भी ताला तोड़कर भरे हुए पांच गैस सिलेंडर, 10 हजार की नगदी, जेवर समेत लगभग 50 हजार की संपत्ति चोरी कर ली है। कमरे और अलमारी में बिखरे सामान को देखकर यह प्रतीत हो रह है कि चोरों ने कीमती सामान ढूंढने का प्रयास किया। सुबह जब घर लौटने पर घर वालों को घटना की जानकारी हुई। चोरी की जानकारी होने पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। गंगाराम ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। नगर चौकी प्रभारी रामनाथ यादव ने बताया कि तहरीर मिली है जांच की जा रही है।