धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करते समय ट्रैक्टर पलट गया। इससे किसान
ट्रैक्टर और रोटावेटर के बीच फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किसान
की मौत से घर में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में
लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेेत्र के ग्राम कल्यानपुर खास
राधेश्याम का बड़ा पुत्र 28 वर्षीय अमित कुमार बृहस्पतिवार को सुबह पांच
बजे ट्रैक्टर लेकर खेत पर गया था। जहां वह धान की रोपाई के लिए पानी भरे
खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। एक स्थान पर ट्रैक्टर में लगा
रोटावेटर फंस गया जिस पर उसने निकलने को ट्रैक्टर का एक्सीलेटर दबा दिया।
इस बीच ट्रैक्टर आगे से उठ गया और पीछे की ओर पलट गया। इससे अमित कुमार
ट्रैक्टर और रोटावेटर के बीच फंस गया। खेत की दूसरी क्यारी में धान की
रोपाई कर रहे मजदूर जब तक मौके पर पहुंचकर उसे निकालते कि तब तक उसकी मौत
हो चुकी थी। मजदूरों की सूचना पर घर वाले मौके पर पहुंचे। सभी का रो-रोकर
बुरा हाल है।
गांव वालों ने इसकी सूचना ललौरीखेड़ा चौकी पुलिस को दी लेकिन
सुबह 8.30 बजे हुई घटना पर पुलिस दोपहर 12 बजे पहुंची। इसको लेकर ग्रामीणों
में नाराजगी देखी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया
है। एसओ धनंजय सिंह ने बताया घटना की सूचना देरी से मिली थी जिसपर तुरंत
पुलिस मौके पर भेजी गई।
उजड़ गई राधेश्याम के घर की खुशियां
ग्राम
कल्यानपुर खास निवासी राधेश्याम के घर में पत्नी सुमित्रा के अलावा दो
पुत्र अमित और धर्मेंद्र हैं। दोनों पुत्रों की शादी हो चुकी है। संयुक्त
परिवार मेें सभी हंसी खुशी से रह रहे थे। बड़ा होने के नाते अमित परिवार की
जिम्मेदारी संभाले थे। उनके दो पुत्र क्रमश: आठ वर्षीय संजय और तीन वर्षीय
अंकुश और पत्नी रेखा देवी हैं।
इन दिनों धान की रोपाई के चलते अमित सुबह
जल्द ट्रैक्टर लेकर खेत पर निकल जाते थे। बृहस्पतिवार को भी वह सुबह पांच
बजे ही खेत पर पहुंच गया था लेकिन किसी को क्या पता कि खेत तैयार कर वापस
आने की बात कहकर घर से जा रहा अमित अभी कभी नहीं लौटेगा। उसकी मौत से घर
वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।