चोराें ने गुरुद्वारे से गोलक चोरी कर खेत में छिपा दी। अंधेरा होने पर अब दुबारा उसे लेने आए तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। इस पर बाइक छोड़ दो चोर भाग गए जबकि दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। दोनों की पिटाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।
थाना गजरौला क्षेत्र के गांव बानगंज स्थित गुरुद्वार सिंह सभा में रविवार शाम करीब 4-5 बजे कुछ चोरों ने दीवान साहब के निकट रखी गोलक चोरी कर ली और गुरुद्वारे के पीछे कुछ दूरी पर खेत में छिपा दी। कुछ देर बाद जब सिख संगत मत्था टेकने गुरुद्वारा पहुंचे तो गोलक गायब देख हैरत में पड़ गए। यहां मौजूद लोगों ने गोलक की तलाश शुरू की तो खेत में रखी गोलक मिल गई। इस पर ग्रामीणों ने रणनीति के तहत गोलक को खेत में ही छोड़ दिया और छिपकर चोरों का इंतजार करने लगे। अंधेरा होने पर करीब नौ बजे एक बाइक से चार लोग वहां पहुंचे। बाइक खड़ी कर चारों ने जैसे ही गोलक को उठाने का प्रयास किया आसपास छिपे लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस बीच मौका दो लोग भाग गए जबकि दो को पकड़ लिया। दोनों की पिटाई कर रात को ही पुलिस के सुपुर्द कर लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने अपने नाम राजू और पुष्कर और फरार साथियों के नाम ऋषिपाल और उसका पुत्र विपिन बताए हैं। गांव के ही कपूर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश किया।
एसओ अशोक बुद्धप्रिय ने बताया कि कोर्ट ने राजू को जेल भेज दिया जबकि पुष्कर को नाबालिग होने के कारण बाल सुधार गृह भेजा गया है।