थाना न्यूरिया क्षेत्र के गांव मोहनपुर में स्थित धार्मिक स्थल को क्षतिग्रस्त कर असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन गांव में दोनों समुदायों के बीच आपसी भाईचारे ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों समुदायों के लोगों ने मिलजुल कर चंदा एकत्र किया और धार्मिक स्थल का नए सिरे से निर्माण शुरू कर गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल कायम की। गांव में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। प्रधानपति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ब्लॉक मरौरी के गांव मोहनपुर में करीब 15 परिवार मुस्लिम सुमदाय के हैं। गांव के बाहर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल के पास दोनों समुदायों के धार्मिक स्थल हैं। दोनों के बीच करीब पांच मीटर की दूरी गांव के लोगों में आपसी भाईचारे की मिसाल दे रही है। बुधवार की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल का अधिकांश भाग क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसकी जब सूचना सुबह ग्रामीणों को हुई तो ग्राम प्रधानपति शिवलाल सहित दोनों समुदायों के लोग मौके पर पहुंच गए और मामले की सूचना एसओ दलवीर सिंह को दी। सूचना पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
एएसपी सुधीर कुमार सिंह, एसडीएम सदर सुरेंद्र बहादुर यादव, सीओ निर्मल कुमार बिष्ट कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए, लेकिन वहां का माहौल तनावपूर्ण होने की जगह बिल्कुल सामान्य मिला। इससे अधिकारियों ने राहत महसूस की। अधिकारियों ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने सिर्फ मामले की रिपोर्ट दर्ज कर माहौल खराब करने वाले लोगों को पकड़ने पर जोर दिया। कुछ ही देर में कुछ लोग आपसी चंदा एकत्र करने लगे। खास बात यह दिखी कि जहां दोनों समुदायों के बीच तनाव होना चाहिए था वहां दोनों समुदाय के लोग फावड़े लेकर पुलिस की मौजूदगी में नए सिरे से निर्माण कार्य करने में जुटे हुए थे। यह देख मौके पर मौजूद अफसरों ने भी चंदे में शिरकत की। निर्माण कार्य पूरा होने तक एसडीएम और सीओ एसओ के साथ मौके पर मौजूद रहे।
गांव में दोनों समुदायों के बीच कभी कोई मनमुटाव नहीं हुआ। सभी लोग भाईचारे के साथ रहते हैं। कुछ असामाजिक तत्वों ने दोनों समुदायों के बीच जहर घोलने का काम किया है। पुलिस ऐसे लोगों के बेनकाब कर कड़ी कार्रवाई करे।
- शिवलाल, प्रधानपति
गांव में किसी प्रकार का कोई तनाव नहीं हैं। दोनों समुदायों के बीच जो भाईचारा देखने को मिला वह वाकई काबिले तारीफ है। प्रधानपति की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खुराफातियों को चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।