गैंगरेप की शिकार 14 वर्षीय किशोरी को रामलीला ग्राउंड के पास से ले जाकर दरिंदों ने पूरनपुर हाइवे पर एक गन्ने के खेत में दुराचार किया था। पुलिस ने मौके से किशोरी की दोनों चप्पल बरामद की हैं। यह बरामदगी किशोरी द्वारा घटना स्थल बताए जाने पर पुलिस ने की है। मेडिकल प्रक्रिया के बाद मंगलवार को किशोरी को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। जहां उसके कलमबंद बयान कराए गए।
गैंगरेप पीड़िता की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई। डॉक्टर किशोरी की पास्को एक्ट के तहत तैयार होने वाली मेडिकल लीगल सप्लीमेंट्री रिपोर्ट तैयार कर बुधवार को सुनगढ़ी पुलिस को सौंपेंगे।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र की एक किशोरी पहली अप्रैल को एक कॉलोनी में रहने वाली अपनी भाभी के कमरे पर गई थी। शाम को वापस आते समय रामलीला ग्राउंड के पास से दो युवकों ने उसे दबोच लिया था। उसके साथ दुराचार कर पूरनपुर हाइवे पर सड़ा पुल के निकट फेंक दिया। पहली अप्रैल को पुलिस ने किशोरी को गंभीर हालत में जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रक्तस्राव न रुकने पर किशोरी को बरेली जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां छह दिन इलाज के बाद उसे सोमवार को पीलीभीत जिला महिला अस्पताल भेजा गया।
विवेचक अमित कुमार सिंह ने बताया कि रामलीला ग्राउंड के पास से दोनों युवक बाइक से पूरनपुर हाइवे पर स्थित एक आरा मशीन के पास गन्ने के खेत में ले गए। जहां उसके साथ दुराचार किया था। किशोरी की हालत गंभीर होने के बाद उसे बाइक से सड़ा पुल के पास फेंक कर भाग निकले थे। मंगलवार को पुलिस ने घटना स्थल पर किशोरी की छूटी दोनों चप्पलें बरामद कर कब्जे में ली हैं।
आज मिलेगी मेडिको लीगल सप्लीमंट्री रिपोर्ट
बरेली से पीड़िता सोमवार को देर शाम पीलीभीत जिला महिला अस्पताल पहुंची। इस कारण उसका अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका था। मंगलवार को डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे समेत अन्य जांच की प्रक्रिया पूरी की। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद किशोरी को डॉक्टर ने अस्पताल से छुट्टी दे दी। प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी बृजेश सिंह ने बताया कि बुधवार को डॉक्टर मेडिको लीगल रिपोर्ट तैयार कर देंगे। उन्होंने बताया कि घटना में प्रयुक्त की गई बाइक की बरामदगी के लिए जेल भेजे गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।