बरखेड़ा क्षेत्र के गांव गहलुइया मेें हुई ओमप्रकाश की हत्या के मामले में
पुलिस ने हत्यारोपी गांव निवासी छत्रपाल को गिरफ्तार कर लिया है। छत्रपाल
और हत्या की साजिश में शामिल मृतक की पत्नी शिखा को पुलिस ने जेल भेज दिया
है।
गहलुइया निवासी 25 वर्षीय युवक ओमप्रकाश का शव चार जून को रात 11
बजे गांव के निकट नहर पटरी पर मिला था। वह उसी दिन शाम को सब्जी लेने पड़ोस
के गांव पिपरिया मंडन जाने को निकला था। इस मामले में मृतक के भाई ने गांव
के ही छत्रपाल पर मृतक की पत्नी शिखा की मदद से हत्या का आरोप लगाया था।
उसका आरोप था कि मृतक की पत्नी शिखा और छत्रपाल के बीच संबंध थे और इसी को
लेकर दोनों ने मिलकर उसके भाई को रास्ते से हटा दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट
में गला दबने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर
पर छत्रपाल पर हत्या और मृतक की पत्नी शिखा के खिलाफ साजिश में शामिल होने
की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शिखा को हिरासत में ले लिया था। सोमवार रात
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी छत्रपाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को पुलिस ने दोनों का चालान कर जेल भेज दिया। एसओ ने बताया जांच
में दोनों की साजिश सामने आई है। विवेचना पूरी कर जल्द चार्जशीट कोर्ट भेजी
जाएगी।
बेल्ट से गला कस कर की थी हत्या
बरखेड़ा।
हत्यारोपी छत्रपाल और मृतक की पत्नी के बीच करीब एक साल से संबंध थे। इसको
लेकर ओमप्रकाश से उसकी पत्नी का कई बार भी झगड़ा भी हुआ और घर वालों ने भी
उसे समझाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार संबंधों में बाधक बनने पर
दोनों ने ओमप्रकाश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के अनुसार शाम
को शिखा ने ओमप्रकाश को सब्जी लेने पड़ोस के गांव भेजा। रास्ते में छत्रपाल
उसे मिल गया। दोनों ने पहले पिपरिया मंडन में शराब पी और घर चल दिए।
रास्ते में एकांत मिलने पर छत्रपाल ने अपनी बेल्ट उसके गले में डालकर कस दी
और मौत होने पर उसे नहर के किनारे खेत में छोड़कर फरार हो गया।
घटना की
जांच में पुलिस ने दोनों की मोबाइल डिटेल निकाली है। जिसमें घटना के दिन
दोनों बीच 15 से अधिक बार बात हुई है।