पड़ोस के युवक पर लगाया गंभीर आरोप, दी तहरीर
जहानाबाद क्षेत्र के एक गांव का मामला
परिवारवालों की गैर मौजूदगी में घर पर अकेली युवती से एक दबंग ने छेड़छाड़ की। इसका विरोध करने पर उसको अगवा करने का प्रयास किया गया। पीड़िता के शोर मचाने पर पड़ोसियों को इकट्ठा होता देख आरोपी धमकी देकर भाग निकला। पीड़िता ने नामजद तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र की निवासी एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर वह घर पर अकेली थी। इस बीच मोहल्ले का एक युवक उसको अकेला पाकर घर में घुस आया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने मुंह दबाकर अगवा करने की कोशिश की और लगातार दुष्कर्म करने की धमकी देता रहा। पीड़िता ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जमा किया। जिसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग निकला। इसकी शिकायत आरोपी के घरवालों से की गई, लेकिन उन्होंने भी धमकी देकर भगा दिया। एसएचओ रविंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर पुलिस को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। मामला छेड़छाड़ का न होकर पड़ोसियों के बीच चल रहा जमीन का विवाद है। इसी में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।