महिला प्रधान ने ग्राम पंचायत पर सचिव पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि वह बीपीएल कार्डों की सूची और मानदेय के बारे में जानकारी करने के लिए ब्लाक कार्यालय गई थी, तभी सचिव ने उसे अकेला पाकर गलत नीयत से हाथ पकड़कर उससे अश्लील हरकतें कीं। इसी दौरान शोर मचाने पर पहुंचे उसके पति ने उसको सचिव से बचाया। पुलिस ने ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक महिला ग्राम प्रधान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को वह क्षेत्र के बीपीएल कार्डों और मानदेय की जानकारी करने के लिए ब्लाक कार्यालय गई थी। उसके साथ गया उसका पति जरूरी काम से कार्यालय के बाहर ही रुक गया और वह कार्यालय में बुलाने पर ग्राम पंचायत सचिव अनिल कुमार भारती के पास पहुंची। महिला का आरोप है कि सचिव ने अकेला पाकर उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और जबरदस्ती की गई। इसका विरोध करने पर उसे धमकी भी दी गई, लेकिन वह चुप नहीं रही और उसने शोर मचा दिया, तभी बाहर मौजूद उसका पति आ गया, जिसने उसे सचिव से बचाया। आरोप है कि सचिव ने अपनी गलती स्वीकारने की बजाए उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। जिसके डर से वह लोग कार्यालय से चले आए। एसओ ओमहरि बाजपेई ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सचिव के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विवाहिता से छेड़छाड़, पति को पीटा
माधौटांडा। थाना क्षेत्र के एक युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को वह गांव में ताजिये का जुलूस देखने के लिए पत्नी संग गया था। कर्बला पर गांव के ही शकीउद्दीन, कलीनगर निवासी सुल्तान, अजीम और जावेद ने उसकी पत्नी से छेड़छाड़ की। जिसको अनदेखा कर वह घर जाने लगा। इस बीच आरोप है कि दोबारा आरोपियों ने रास्ते में रोक छेड़छाड़ शुरु कर दी। विरोध करने पर उसको पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही है।