बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने शनिवार को दिन-दहाड़े गांव कान्हा टांडा
निवासी साइकिल सवार किसान मदन सिंह और उसकी पत्नी चंद्रकली को चलती साइकिल
से धक्का देकर गिरा दिया और थैले में मौजूद 1.20 लाख रुपये लूट कर हवा में
तमंचा लहराते फरार हो गए। शोर शराबा कर किसान ने बदमाशों का कुछ दूर पीछा
भी किया, लेकिन थोड़ी ही देर में बदमाश ओझल हो गए। सूचना के बावजूद पुलिस
ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
घटना शनिवार को अपरान्ह करीब साढ़े
बारह बजे पूरनपुर भगवंतापुर मार्ग पर हुई। गांव कान्हा टांडा निवासी
बुजुर्ग किसान मदन सिंह ने बताया कि नगर की स्टेट बैंक शाखा से उसने लिमिट
के 1.20 लाख रुपये निकाले थे। बैंक कैशियर ने पांच-पांच सौ रुपये की दो और
सौ-सौ रुपये की दो नोटों की गड्डी दी। रुपयों को थैले में रखकर साइकिल से
पत्नी चंद्रकली के साथ वह गांव जा रहा था। गांव भगवंतापुर के समीप सामने से
आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी साइकिल धक्का देकर गिरा दी और उनके पास
मौजूद रुपयों का थैला लूट कर पूरनपुर की ओर बाइक से भाग गए। घटना के बाद
किसान शोर-शराबा कर बदमाशों के पीछे कुछ दूर भागा, लेकिन थोड़ी ही देर में
वह आंख से ओझल हो गए। किसान ने पत्नी के साथ कोतवाली पहुंचकर घटना की सूचना
इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह और एसएसआई अमर सिंह को दी। किसान की पत्नी
चंद्रकली ने पुलिस को बताया कि रुपये लूट कर भागे बदमाशों में उसने एक को
बैंक शाखा में भी देखा था। पुलिस ने बैंक शाखा पहुंचकर सीसी कैमरे की फुटेज
भी देखी, लेकिन देर सायं तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। कोतवाल का
कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की
जाएगी।
प्याज, अदरक भी ले गए बदमाश
चंद्रकली ने बताया कि
बैंक से रुपये निकालने से पहले उसने पति के साथ बाजार से खरीददारी भी की
थी। थैला मेें प्याज, अदरक, कपड़ा आदि सामान भी था। बदमाश पूरा थैला ही लूट
कर ले गए।
कर्जा निपटाने और खर्चे को निकाले थे रुपये
किसान
मदन सिंह ने बताया कि गेहूं कटाई, गहाई, भूसा बनवाई आदि पर हुए खर्च को
निपटाने और फसल पैदावार को लिए गए ऋण को चुकता करने तथा खर्चे आदि को उसने
बैंक से रुपये निकाले थे।
बैंक से पीछे लगे थे बदमाश
घटना
की जानकारी पर एएसपी एसके सिंह ने पूरनपुर पहुंचकर पीड़ित से घटना की
जानकारी ली। वे बैंक शाखा भी गए। बैंक शाखा की वीडियो फुटेज में एक आरोपी
को किसान की पत्नी ने पहचान भी लिया। जो उसके पीछे बैंक शाखा में लगा रहा
था।