रुपैडिया से हरिद्वार जा रही बहराइच डिपो की रोडवेज की बस आसाम हाइवे पर खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस चालक बहराइच निवासी जयप्रकाश मिश्रा, नेपाल निवासी दिल बहादुर, नेत्र बहादुर सहित दस लोग घायल हो गए। घायल दिल बहादुर और नेत्र बहादुर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसा रात करीब सवा दो बजे आसाम हाइवे पर गोमती गुरुद्वारा और उदयकरनपुर के बीच हुआ। बस चालक बहराइच के सुमईपुर बुदेई निवासी जय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सामने से तेज गति से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे क्षतिग्रस्त खड़े ट्रक से बस टकरा गई। हादसे में बस चालक के अलावा नेपाल के थाना मैनमा के गांव काली कोहटी निवासी 30 वर्षीय दिल बहादुर, काली कोहटी निवासी 28 वर्षीय नेत्र बहादुर, नेपाल के हंसापुर डाग निवासी मतीलाल राना की पत्नी पुरनी राना, उनकी पुत्री 18 वर्षीय कृष्णा राना, बहराइच के करीमगांव निवासी कनाला के बारह वर्षीय पुत्र वीरवल, यहीं के अमृतलाल के बीस वर्षीय पुत्र संजय, नेपाल के गोमती गंगे निवासी साठ वर्षीय वीर बहादुर, रुपैडिया के बल्देव, यहीं के अशफाक घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। गंभीर हालत में दिल बहादुर और नेत्र बहादुर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शेष यात्री बाद में अन्य साधनों से अपने गंतव्य को रवाना हो सके।
मार्शल ने बाइक को मारी
टक्कर, किशोर का पैर टूटा
जोगराजपुर। जोगराजपुर-गोरा मार्ग पर स्कूली वाहन से गांव गोरा निवासी शहंशाह का बाइक सवार सोलह वर्षीय पुत्र माजिद घायल हो गया, जबकि बाइक पर सवार उसके दो अन्य साथी बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद सूचना पर पहुंचे किशोर के परिवार वाले स्कूली वाहन से किशोर को घर लाए। सूचना पर पहुंची सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने स्कूली वाहन और उसके चालक को हिरासत में लिया है।