नशे में धुत जेठ ने घर पर अकेली विधवा को बुरी नीयत से पकड़ लिया और विरोध करने पर उसने चाकू से उसकी नाक काट ली। घायल महिला पहले भिखारीपुर पुलिस चौकी पहुंची और उसके बाद थाना सुनगढ़ी। पुलिस ने उसकी तहरीर लिए बगैर एनसीआर दर्ज कर उसे मेडिकल परीक्षण को भेजा है । पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस भी भेजी, लेकिन आरोपी जेठ परिवार समेत घर बंद कर फरार हो गया।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के दहगला गांव की महिला ने बताया कि उसके पति की दो साल पहले मौत हो गई थी। घर पर वह अपने बच्चों संग रहती है। आरोप है कि महिला का जेठ उस पर बुरी नीयत रखता है। रविवार शाम को महिला घर पर अकेली थी। इस दौरान आरोपी जेठ घर में घुस आया। वह महिला से छेड़छाड़ करने लगा। इसका विरोध करने पर आरोपी ने उसे मारा पीटा और घर में रखे चाकू से उसकी नाक काट ली। शोर शराबे पर आरोपी जेठ की पत्नी व बच्चे भी आ गए लेकिन सभी ने आरोपी की ही मदद की।
घायल महिला काफी देर तक चिल्लाती रही। इसी बीच उसका 13 वर्षीय पुत्र आ गया, जिसके साथ पहले वह पुलिस चौकी भिखारीपुर और बाद में सुनगढ़ी थाने पहुंची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर उसे मेडिकल जांच को भेज दिया। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी योगेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि मामला छेड़छाड़ से जुड़ा नहीं है। महिला की शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर मेडिकल कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने पर उचित धाराओं में मुकदमा तरमीम किया जाएगा। आरोपी के घर दबिश दी गई थी, लेकिन घर पर ताला पड़ा मिला। आरोपी पूरे परिवार के साथ भागा हुआ है, जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।