शहर की एक महिला ने अपने नंदोई पर दुराचार कर वीडियो क्लीपिंग बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि जब इसकी शिकायत ननद से की तो उसने भी मारपीट की। ससुराल वालों ने भी मारपीट कर उसे घर से भगा दिया। एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति, नंदोई समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला गुरुवार को एसपी जेके शाही से मिली थी। उसने एसपी को तहरीर देकर कहा था कि 11 सितंबर 2011 को उसका निकाह बरेली शहर निवासी दाउद के साथ हुआ था। दहेज में 50 हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वाले उसे मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। 26 अप्रैल 15 को पति और सास ने उसे साजिशन कोटा (राजस्थान) नंदोई के घर भेज दिया।
28 अप्रैल की रात नंदोई इरफान ने उसे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने पर उसके साथ दुराचार किया और वीडियो फिल्म बना ली। होश आने पर जब उसे घटना की जानकारी हुई तो ननद रीना से शिकायत की। इससे नाराज रीना ने पीड़िता के साथ मारपीट की। किसी तरह से वह नंदोई के चंगुल से छूटकर पहली मई को ससुराल पहुंची और घटना की जानकारी पति को दी।
आरोप है कि पति भी उससे मारपीट की और घर से भगा दिया। आरोप है कि नंदोई अब उसे ब्लैकमेल कर रहा है। शहर कोतवाल अतुल प्रधान ने बताया कि एसपी के आदेश पर पति, सास, ननद और नंदोई के खिलाफ धारा 498ए, 376, 120 बी, 328 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।