जहानाबाद/पीलीभीत। संदिग्ध परिस्थितियों में तीन माह की गर्भवती की ससुराल में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगाया। सीओ सदर की अगुवाई में पहुंची जहानाबाद पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के संतोषपुरा गांव निवासी निरंजनलाल की 25 वर्षीय बेटी बबली उर्फ रूपवती उर्फ तारा देवी की शादी छह साल पहले जहानाबाद के पंसोली गौंटिया गांव निवासी नरेश के साथ हुई थी। उसके दो बेटी चार वर्षीय ट्विंकल और तीन साल की प्रेमलता है। वह तीन माह की गर्भवती थी। बुधवार रात बबली की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव के किसी व्यक्ति के जरिए सूूचना मिलने पर बृहस्पतिवार सुबह विवाहिता के पिता निरंजनलाल समेत कई परिवार वाले पंसोली गांव उसकी ससुराल पहुंच गए। यहां अपने ही कमरे में बबली का शव जमीन पर पड़ा मिला। सास के अलावा बाकी सभी ससुराल वाले गायब थे। शव पर चोट के निशान देख परिजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर बबली की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पति आए दिन नशा कर मारपीट करता था। सोने के जेवरात और दो लाख रुपये की मांग की जाती थी। इसी के पूरा न होने पर हत्या की गई है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में सीओ सदर योगेंद्र कुमार, जहानाबाद इंस्पेक्टर कमल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मौका मुआयना कर पूरे मामले की जानकारी की गई। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दंपती के बीच बुधवार रात हुआ था झगड़ा
दंपती के बीच बुधवार रात करीब 12 बजे झगड़ा हुआ था। गर्भवती की मौत के बाद ससुराल में मौजूद सास से जब पूछा गया तो उन्होंने भी इसको स्वीकार किया। कहा कि देर रात नरेश नशे की हालत में घर पहुंचा था। इसके बाद बबली और नरेश के बीच झगड़ा होने लगा। इसमें नरेश ने मारपीट भी की थी। हालांकि हत्या करने की बात से साफ इंकार कर दिया। कहा कि मारपीट होने के बाद बबली ने कुछ खा लिया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मौत की वजह जानने को पोस्टमार्टम की मांग की थी। जिस पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ सदर गांव गए थे, छानबीन कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश जहानाबाद पुलिस को दिए गए हैं। - रोहित मिश्र, एएसपी