बराही रेंज में लेहारी पुल के निकट दोपहर हुई घटना
बराही रेंज में लैहारी पुल के निकट बाइक सवार तीन युवकों पर गुरुवार दोपहर करीब एक बजे झाड़ियों में छिपे बाघ ने हमला कर दिया। पंजा लगने से दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। घटना के बाद से इलाके में दहशत है।
गांव पताबोझी निवासी भगवानदीन, लालजीत और राजेश बृहस्पतिवार अपराह्न करीब एक बजे तराई क्षेत्र के पचपेड़ा से मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक गांव निवासी लालजीत चला रहा था जबकि भगवानदीन और राजेश पीछे बैठे थे। वे लोग जंगल के अंदर के रास्ते से लौटते समय बराही रेंज में लैहारी पुल और नहर नाला के बीच कपार्टमेंट 72, 73 के पास झाड़ियों से निकल कर सड़क पार कर रहे थे तभी बाघ ने झाड़ियों के बीच से अचानक उनपर हमला कर दिया। हमले में बाघ के नाखून लगने से लालजीत और भगवानदीन घायल हो गए जबकि बाइक से गिरने राजेश के भी चोटें आईं। इस दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवारों ने शोर मचाया जिससे बाघ जंगल में चला गया। बाइक सवारों ने घायलों को उठाकर लैहारी वन चौकी पहुंचाया। यहां से वनदरोगा करुणेश कुमार तीनों को माधोटांडा सीएचसी ले गए। बराही रेंजर अनिल शाह ने बताया कि बाघ ने हमला नहीं किया था, वह छलांग लगाकर सड़क क्रॉस कर रहा था। बीच में बाइक आने से पंजा लगा है। घटना के बाद रास्ते में आवागमन रोक दिया गया है।
दियोरिया में खेत में दिखे बाघ के पदचिह्न
बीसलपुर। कस्बा दियोरिया निवासी नवीन सिंह के खेत में बाघ के पदचिह्न मिलने से ग्रामीण दहशत में हैं। दियोरिया के रेंजर के मुताबिक इस बाघ की लोकेशन पिछले एक सप्ताह से दियोरिया के जंगल में मिल रही है। यह बाघ एक सप्ताह में कई बार जंगल से बाहर भी आ चुका है।
कस्बा निवासी नवीन सिंह ने बताया कि उनका एक खेत कस्बे से सटा हुआ है और जंगल के बिल्कुल किनारे है। बुधवार की शाम इस खेत से होकर एक बाघ गुजरा और जंगल के भीतर चला गया। गुरुवार को सुबह जब नवीन सिंह खेत पर गए, तब उन्होंने बाघ के पदचिह्न देखे। उन्होंने फोन पर दियोरिया के रेंजर गंगाप्रसाद पांडेय को सूचना दी। रेंजर के निर्देश पर वन दरोगा योगेंद्र कुमार टीम लेकर मौके पर पहुंचे और पद चिह्न की जांच पड़ताल की। जांच पड़ताल में स्पष्ट हो गया कि पद चिह्न बाघ के ही हैं। योगेंद्र कुमार ने मामले की सूचना विभागीय उच्चाधिकारियों को दे दी है।