पीलीभीत। पुलिस गश्त को धता बताते हुए चोरों ने एक और वारदात को अंजाम दिया। हाइवे से सटी सर्राफ की दुकान के ताले तोड़कर चोर तीन लाख के जेवर उड़ा ले गए। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई।
सुनगढ़ी के जंगरोली गांव निवासी मोहम्मद इरफान की गांव में ही हाइवे से सटी अंसारी ज्वैलर्स नाम से दुकान है। मंगलवार शाम छह बजे दुकान को ताला लगाकर घर गए। देर रात चोरों ने बंद दुकान को निशाने पर ले लिया। शटर के दो ताले तोड़कर चोर भीतर घुसे। इसके बाद जेवरात भरी तिजोरी ले गए। इसमें करीब तीन लाख रुपये के सोने व चांदी के जेवरात थे। सुबह दुकान मालिक राम स्वरूप ने घटना की जानकारी दी। इसपर पीड़ित मौके पर पहुंच गया। गांव के लोग भी जमा हो गए। सूचना मिलने पर एसएचओ मोहम्मद कासिम पुलिस बल के साथ पहुंचे। मौका मुआयना कर जानकारी की। खाली तिजोरी पास में ही सरकारी स्कूल के पास मिली। एसएचओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। सुराग जुटाए जा रहे हैं।
दो किलोमीटर दौड़ी सर्च डॉग सोम्या
सुराग जुटाने के लिए सुनगढ़ी पुलिस ने सर्च डॉग सोम्या की मदद ली। सर्राफ की दुकान से सोम्या सरकारी स्कूल के पास खेत मे मिली तिजोरी तक गई। इसके बाद स्कूल में होते हुए हाइवे और गांव की गलियों में करीब दो किलोमीटर दौड़ी। घूमते हुए सोम्या वापस घटना स्थल के पास जाकर रुक गई। जिससे आसपास गांव में ही आरोपी के होने का कयास लगाया जा रहा है। इसके अलावा फील्ड यूनिट टीम ने भी फिंगर प्रिंट जुटाए।
000
चौकी पुलिस का नही उठा फोन
दुकान में हुई चोरी की सूचना पर एसएचओ मौके पर आ गए। उन्होंने आसाम चौकी पुलिस को नदारद मिलने पर हमराह से कई बार काल कराई लेकिन चौकी पुलिस का फोन नही उठा। काफी देर बाद सिपाही आये तो एसएचओ ने नाराजगी जताई। पूछने पर हाइवे की सुरक्षा मात्र दो होम गार्ड के हवाले होने का पता लगने पर भी एसएचओ ने फटकारा।
एक माह पहले भी कटी थी दुकान
जंगरोली गांव में एक माह के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की घटना हुई है। इससे पहले गांव के योगेंद्र की किराना दुकान काटकर चोर करीब दो लाख का सामान समेट ले गए थे। जिसका कोई खुलासा नही हुआ। इससे पहले सराब की दुकान में भी वारदात को अंजाम दिया जा चुका है।