पीलीभीत। चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरों का पुलिस का भी खौफ नहीं है। अभी तक बंद मकानों से चोरी तो कर ही रहे थे, अब असम पुलिस चौकी में खड़ी सीज किए गए ई-रिक्शा से दो बैटरी चोरी हो गई। ई-रिक्शा रिलीज होने पर जब चेक किया गया तो बैटरी गायब मिली। शिकायत मिलने पर सीओ सिटी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। शहर से सटे नौगवां पकड़िया गांव निवासी नत्थूशाह ने बताया कि उनका ई-रिक्शा 23 मई को ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग के दौरान सीज कर दिया गया था। इसके बाद ई-रिक्शा असम पुलिस चौकी पर खड़ा कर दिया गया। सात दिन बाद ई-रिक्शा को रिलीज कराने का ऑर्डर लेकर वह चौकी असम रोड पर गए। यहां ई-रिक्शा सुपुर्दगी में लेने के बाद चेक किया तो उसमें से दो बैटरी गायब थी। यह देख पीड़ित ने चौकी पुलिस से जानकारी करनी चाही। आरोप है कि चौकी पुलिस ने उल्टा उनको ही धमकाकर भगा दिया। कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। पीड़ित ने सीओ सिटी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि शिकायत मिली है। इसकी जांच कराकर सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
चौकी में सीज वाहनों का सामान गायब होने का मामला कोई नया नहीं है। सालों से इस मामले में पुलिस को फजीहत का सामना करना पड़ता है। सीज वाहन से पुलिस कर्मियों द्वारा सामान निकालने की आम धारणा सी बनी हुई है। अब ई-रिक्शा से बैटरी चोरी होने के बाद चौकी पुलिस की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न दिया जाना भी, संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। फिलहाल अफसर जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिला रहे हैं।