गंगा स्नान के दौरान बहे तीन युवक, दो को निकाला, एक लापता
अहार। अवंतिका देवी गंगा घाट पर स्नान के दौरान तीन युवक गहरे जल में जाने से बह गए। जिनमें से दो युवकों को बाहर निकाल लिया गया। जबकि, एक युवक का सुराग नहीं लग सका है। डूबे युवक की तलाश में स्थानीय गोताखोर व स्थानीय पुलिस प्रशासन रेस्क्यू अभियान में जुट गया है।
शनिवार सुबह करीब दस बजे गौतमबुद्धनगर जिले के थाना जेवर क्षेत्र निवासी सैकड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान व अवंतिका देवी मंदिर पर दर्शन करने के लिए छह-सात बसों से आए थे। बताया गया कि दोपहर के समय अधिकतर श्रद्धालु स्नान आदि कर अवंतिका देवी के दर्शन करने चले गए थे। लेकिन इस दौरान युवक नरेश पुत्र जोगेंद्र निवासी मोहल्ला शालियान वार्ड दो थाना जेवर व उसके साथी दीपू व मोनू गंगा स्नान के लिए अवंतिका देवी घाट पर पहुंच गए। स्नान के दौरान तीनों युवक गहरे जल में समाने लगे। डूबते हुए युवकों का शोर शराबा सुनकर स्थानीय लोगों व अन्य श्रद्धालुओं ने गंगा में छलांग लगा दी और युवक दीपू व मोनू को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। लेकिन, युवक नरेश गहरे जल में जाने के कारण बह गया। लोगों ने काफी खोजबीन की लेकिन, सुराग नहीं लगा। सूचना मिलने पर अहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से नरेश को ढूंढने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। शाम तक युवक का सुराग नहीं लग सका था।
-------
युवक की तलाश की जा रही है, स्थानीय गोताखोर युवक की तलाश में नदी में रेस्क्यू कर रहे हैं। जल्द ही युवक को बाहर निकाल लिया जाएगा। पीएसी फ्लड यूनिट भी जल्द ही रेस्क्यू शुरू कर देगी।
- शौकेंद्र सिंह, थाना प्रभारी