पुलिस की छापामारी से पहले भाग निकला स्मैक कारोबारी
क्रासर...
कोतवाली पुलिस को मकान पर लटका मिला ताला, बैरंग लौटी
क्रासर....
पास के एक अन्य स्थान पर नशे की हालत में मिले दो स्मैकिये
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। एक बार फिर शहर का नामचीन नशे का सौदागर पुलिस की गिरफ्त में आने से पहले ही आसानी से बचकर निकल गया। सुराग जुटाने के बाद कोतवाली पुलिस ने ठिकाने पर छापामार कार्रवाई की लेकिन इस बार भी पुलिस के पहुंचने से कुछ देर पहले ही वह खिसक गया। नतीजतन मकान पर ताले लटके मिले और पुलिस बेबस लौट आई। भीतर घुसने का प्रयास करने के बाद भी कोई रास्ता न मिलने पर पुलिस बैरंग लौट आई। हालांकि पास के ही एक स्थान पर नशे में धुत दो स्मैकिए पड़े मिले। उनसे जानकारी का प्रयास किया गया, लेकिन नशा अधिक होने की वजह से कोई जवाब नहीं मिल सका।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मदीना शाह के एक मकान में लंबे समय से मादक पदार्थ चरस, स्मैक आदि की बिक्री को लेकर सूचनाएं पुलिस को मिल रहीं हैं। यह भी बताया जा रहा है कि यह कारोबार एनडीपीएस में कई बार जेल जा चुका एक शातिर कर रहा है। इस पर करीब एक माह पूर्व स्वॉट टीम और सुनगढ़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामारी की थी। इस दौरान मौके से बरामद किए गए सफेद पाउडर को 24 घंटे तक अधिकारियों से छिपाने को लेकर टीम की कार्यशैली पर न सिर्फ सवाल खड़े हुए बल्कि खाकी की जमकर फजीहत भी हुई थी। इसके बाद अब कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात सुरागकशी कर उसी स्थान पर छापा मारा, लेकिन नतीजा पूर्व की भांति ढाक के तीन पात ही रहा। इस बार भी कोई पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी के मकान में ताले लटके मिले। कोतवाल केपी सिंह ने बताया कि ताला लगा होने के कारण पुलिस भीतर नहीं पहुंच सकी। उसके पास के एक स्थान पर किसी तरह पहुंचे तो वहां पर दो स्मैकिए मिले। उनसे सवाल जवाब किया गया, लेकिन अधिक नशा होने की वजह से वह भी कुछ नहीं बता सके। इस पर पुलिस वापस लौट आई है।