माधोटांडा। किसान की जमीन पर फर्जी दस्तावेजों की मदद से लाखों का लोन निकालने के मामले में कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बैंक एडवाइजर, शाखा प्रबंधक, फील्ड आफिसर व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम केसरपुर ताल्लुके निवासी नगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके अस्सी वर्षीय दादा विचित्र सिंह की गांव में 11.73 एकड़ जमीन है। इस पर वह खेती करते चले आ रहे हैं। उक्त जमीन के फर्जी कागजात बनवाकर उस पर चौदह लाख का लोन कलीनगर पंजाब एंड सिंध बैंक से ले लिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ित ने छानबीन कराई। इसमें दादा विचित्र सिंह के फर्जी दस्तावेज व फोटो प्रमाण पत्र लगाकर बैंक के फील्ड एडवाइजर विशाल शर्मा द्वारा शाखा प्रबंधक व फील्ड आफिसर की मदद से धोखाधड़ी करने की बात सामने आई। यही नहीं मंजूर किए गए लोन में से आठ लाख रुपये का भुगतान भी फर्जी तरीके से कर लिया गया। एसएचओ इंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पंजाब एंड सिंध बैंक कलीनगर के शाखा प्रबंधक, फील्ड एडवाइज और फील्ड आफिसर व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों से कागजात के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।