खेकड़ा (बागपत) ।
पुलिस ने खेत की पैमाइश के नाम पर किसान से रिश्वत लेते विजिलेंस की टीम द्वारा रंगेहाथ पकडे़ आरोपी लेखपाल सुखपाल का चालान कर मेरठ में भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी लेखपाल को जेल भेजा।
उल्लेखनीय है विजिलेंस मेरठ की टीम ने सोमवार को ग्राम बसी निवासी किसान राजबीर सिंह के खेत की पैमाइश करने के नाम पर चालीस हजार रुपये की रिश्वत लेते समय लेखपाल सुखपाल को रंगे हाथों पकड़ा। टीम का नेतृत्व विजिलेंस मेरठ के सीओ शमशेर सिंह ने किया। विजिलेंस टीम ने लेखपाल सुखपाल को पकड़कर थाना खेकड़ा पुलिस को सौंपा और मुकदमा दर्ज कराया । थाना पुलिस ने सीओ की तहरीर पर भ्रष्टाचार की धारा में लेखपाल सुखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थाना पुलिस ने चालान काटकर मंगलवार को लेखपाल को मेरठ स्थित भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश किया। थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कोर्ट ने आरोपी लेखपाल को जेल भेजा।