पीलीभीत। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की गई। खास कर वाहन चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने वाले बाइकर्स पुलिस के निशाने पर रहे। उनको रोक जमकर फटकार लगाई गई। इसके बाद कागजात चेक कर चालान कर जुर्माना वसूला गया। पुलिस की कार्रवाई के चलते हड़कंप मचा रहा।
एसपी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर मंगलवार को दुपहिया वाहनों की चेकिंग कराई गई। जिसमें वाहन चलाते वक्त मोबाइल का इस्तेमाल करने वालों पर सख्ती की गई। इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट एवं ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अलावा थाना स्तर से भी टीमें बनाकर मुख्य चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। नकटादाना, गौहनिया, आसाम चौराहा, छतरी चौराहा के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस सख्ती से चेकिंग में उतरी। एसपी ने बताया कि अभियान के दौरान 60 वाहनों का चालान किया गया है। इसके अलावा 14,800 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है।