पूरनपुर (पीलीभीत)। भाजपा नेता शिवराम यादव और उनके दोस्त अतुल श्रीवास्तव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें धरमंगदपुर गांव के प्रधान समेत चार लोग नामजद हैं। पुलिस की तफ्तीश में भाजपा नेता और उनके दोस्त के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोप सही पाए गए। पुलिस ने विवेचना पूरी कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना के पीछे प्रधानी की रंजिश सामने आई है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के धरमंगदपुर गांव निवासी भाजपा नेता शिवराम और उनका दोस्त अतुल आठ जनवरी को बाइक पर पूरनपुर गए थे। वहां से लौटते समय अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे पूरनपुर-माधोटांडा मार्ग पर दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शिवाराम के चाचा राजेंद्र सिंह की ओर से पूरनपुर कोतवाली में ग्राम प्रधान वसीउल्ला खां, गुड्डू, चुन्नन खां, मसीउल्लां खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मुकदमे की विवेचना स्वाट टीम प्रभारी नरेंद्र यादव ने की। उन्होंने विवेचना के दौरान पीड़ित पक्ष और ग्रामीणों से कई बार विस्तार से बातचीत की। गिरफ्तारी के समय मुल्जिमों से भी पूछताछ की गई। सभी पहलुओं पर छानबीन के बाद विवेचक ने चार्जशीट तैयार करके कोर्ट में दाखिल कर दी।
इंस्पेक्टर के बोल पर हुआ था बवाल
शिवराम और उसके दोस्त अतुल के खून से लथपथ शव रोड किनारे पड़े मिले थे। गोली के निशान देखकर परिजनों ने दोनों की हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। जबकि पूरनपुर कोतवाली में तैनात रहे इंस्पेक्टर राजेश सिंह दुर्घटना बता रहे थे। इंस्पेक्टर के आरोपियों का पक्ष लेने पर ग्रामीणों ने हाईवे जाम करने के साथ जमकर बवाल किया था। ग्रामीणों की मांग पर इंसपेक्टर राजेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया था।
दोहरे हत्याकांड की विवेचना पूरी कर ली गई है। इसके बाद तीन दिन पहले ही मुख्य आरोपी प्रधान वसीउल्ला खां, गुड्डू, चुन्न्न खां, मसीउल्ला खां के खिलाफ चार्जशीट लगा दी गई है। इसमें कोई नया नाम निकलकर नहीं आया है। हत्या की वजह प्रधानी के चुनाव को लेकर बनी रंजिश सामने आई है। - नरेंद्र यादव, विवेचक