रिश्तेदारी में 10 दिन रुकने के बाद मोहर्रम पर घर लौट रहे युवक को रोडवेज बस में सक्रिय जहर खुरान गिरोह ने निशाना बनाया। उसको नशा सुंघाकर बेहोश किया। इसके बाद नकदी, कपड़े और मोबाइल लूट ले गए। नौगवां चौराहा पर बेहोश हालत में मिले युवक को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
न्यूरिया के ठाकुरद्वारा निवासी आबिद अली का 20 वर्षीय पुत्र शाहबुद्दीन 10 दिन पहले रिश्तेदारी में दिल्ली गया था। शनिवार को वह वापस घर आने के लिए रोडवेज की बस में आनंद बिहार स्टेशन से सवार हुआ। रास्ते में बस में वह जहर खुरानी का शिकार हो गया। उसको बेहोश करने के बाद लूट लिया। रविवार सुबह नौगवां चौराहा पर युवक बेहोश हालत में पड़ा मिला। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसको जिला अस्पताल भर्ती कराया। यहां कुछ होश में आने पर शिनाख्त हो सकी। इसके बाद परिवारीजन भी आ गए। उससे दो मोबाइल, कपड़ों का बैग, रुपये लूटे गए है। हालांकि नकदी कितनी रही, यह वह बता नहीं पा रहा है।