पूरनपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला को तीन तलाक देकर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पुलिस से शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। दहेज उत्पीड़न के एक अन्य मामले में दहेज में ढाई लाख रुपये की नकदी और चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की कई बार पिटाई कर धमकाया गया। पुलिस ने दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी सद्दीक की पुत्री जीनत ने बताया कि उसका मोहल्ला निवासी अरशद खां से 19 जुलाई को प्रेम विवाह हुआ था। कुछ दिन तो सब ठीक चलता रहा। बाद में उसके पति और अन्य ससुरालियों ने दहेज में बुलेट बाइक और दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी होने में असमर्थता व्यक्त करने पर उसका शारीरिक, मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। उसे भूखा प्यासा रखा जाने लगा। पिटाई की जाने लगी। अब से करीब 10 दिन पहले ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल रामसेवक ने बताया कि जीनत की ओर से उसके पति अरशद खां, देवर मुन्ना, ननदोई पूरनपुर देहात निवासी रहीस बाबू, ननद आशा बेगम पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे मामले में गांव पिपरिया संतोष निवासी प्रेमशंकर की पुत्री उपासना देवी ने बताया कि उसकी शादी 13 मई 2021 को सिमरा ताल्लुके घुंघचाई निवासी उदित कुमार यादव से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद दहेज में ससुरालियों ने चार पहिया गाड़ी और ढाई लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। कई बार उसकी पिटाई कर डीजल डालकर जलाकर मारने की कोशिश की गई। घटना की जानकारी उसने अपने मामा को दी। इसके बाद उसके पिता ने उसकी ससुराल आकर 28 अक्तूबर को पुलिस चौकी घुंघचाई ले जाकर शिकायत की। इसके बाद मायके आ गई। कोतवाल रामसेवक ने बताया कि उपासना की ओर से उसके पति उदित कुमार यादव, सास गुड्डी देवी, ननद अंजली, देवर रंजित ऋषभ, ससुर राजपाल यादव पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।