बिलसंडा थाने में लव जिहाद का आरोपी।
- फोटो : PILIBHIT
बिलसंडा। थाना क्षेत्र के एक गांव का दूसरे समुदाय का युवक पड़ोसी किशोरी को लेकर भगाकर ले गया। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने खोजबीन की तो युवक पकड़ा गया। किशोरी भी मिल गई। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश और बहला-फुसला कर लड़की को भगा ले जाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने युवक का चालान कर दिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसके गांव का ही एक विशेष समुदाय के युवक ने उनकी 15 वर्षीय बेटी को बहला फुसलाकर फंसा लिया और उसे सोमवार दोपहर को भगाकर ले जा रहा था। सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी और थाने पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने खोजबीन करते हुए किशोरी तथा युवक को बमरौली में नहर के पास से पकड़ लिया। इधर, हिंदू संगठनों का जमावड़ा थाने में शुरू हो गया। देखते-देखते ही कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंच गए। हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष ठाकुर मनीष सिंह कार्रवाई की मांग की। देर रात पिता की तहरीर पर पुलिस ने धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। कार्यवाहक एसओ सदाकात अली ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर युवक अली मोहम्मद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। किशोरी के बयान के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।