बरखेड़ा सीएचसी पर मॉर्कड्रिल के दौरान मरीजों को ऑकसीजन देती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। कलक्ट्रेट में आयोजित बैठक से सांसद वरुण गांधी बाहर निकले तो उनके सुरक्षा कर्मी और सभासद चेतन गंगवार के बीच झड़प हो गई। सभासद ने सुरक्षा कर्मी पर धक्का देने और हाथ उठाने का आरोप लगाया। हालांकि सांसद के हस्तक्षेप करने पर मामला शांत हो गया।
जिले में दौरे में पर आए सांसद वरुण गांधी ने शुक्रवार को 11 बजे गांधी सभागार में शहर की समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए सभासदों की बैठक बुलाई गई थी। सभासदों ने अपने वार्ड की समस्याओं से सांसद को अवगत कराया था। बैठक समाप्त होने के बाद 11.40 बजे सांसद जब सभाकक्ष से बाहर निकले तो वार्ड नंबर नौ के सभासद चेतन गंगवार पीछे हो लिए। सभासद का आरोप था कि सांसद के सुरक्षाकर्मी ने उन्हें हटाने के लिए धक्का दिया, जिससे वह नीचे गिर गए। इससे सभासद और सुरक्षाकर्मी के बीच बहस हो गई। सभासद ने सुरक्षा कर्मी पर धक्का देने और हाथ उठाने का आरोप लगाया। हंगामा देखकर कर सांसद वरुण गांधी ने हस्तक्षेप करने के साथ खेद जताया गया तो मामला ठंडा हो गया।
हालांकि सभासद ने सुरक्षा कर्मी को हटाने की मांग की। सांसद से संतुष्ट होने की बात कही। मामला सुर्खियों में आया तो शाम साढ़े पांच बजे सभासद चेतन गंगवार के तेवर नरम पड़ गए। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को मीडिया में नहीं आने देना चाहते हैं। इस मुद्दे पर सभासदों की बैठक बुलाई गई है। बैठक के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
क्या बोले सभासद
घटना के समय सभासद आक्रोशित थे। उनकी मांग थी कि सुरक्षाकर्मी पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन शाम पांच बजे उनका बयान बदल गया और कहा कि वह इस मामले में अभी कोई बयानबाजी करना नहीं चाहते है। सभासदों की बैठक के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा।