पूरनपुर। जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने एक स्थान पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार जुआरियों ने पुलिस को देखते ही फायर कर दिया। अपने को बचाते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर 16010 रुपये की नकदी, अवैध तमंचा, एक कारतूस, सात मोबाइल बरामद किए। आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया।
जुआ खेले जाने की सूचना पर कोतवाल हरीशवर्धन सिंह ने टीम के साथ रविवार शाम को गांव सबलपुर के पास एक स्थान पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार जुआरियों ने पुलिस को देखते ही फायर झोंक दिया। इससे पुलिस बाल-बाल बच गई। बाद में शेरपुरकलां निवासी आरिफ, उसके पिता युसुफ कुरैशी, आरिफ के भाई तालिब, गांव सबलपुर निवासी हरभजन सिंह, शाहजहांपुर के गोहपुरा निवासी रशीद के पुत्र वाहिद, शाहजहांपुर के बिजलीपुर के समीप रहने वाले नियाज हसन के पुत्र वाहिद, बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी सूरज को गिरफ्तार कर लिया। आरिफ के पास से अवैध 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, ताश के पत्ते, 16010 रुपये की नकदी, सात मोबाइल बरामद किए। कोतवाल हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया हरभजन सिंह पूर्व टाडा बंदी है। इसके खिलाफ हजारा थाने में लूट, हत्या, पुलिस मुठभेड़ आदि में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा अन्य आरोपी भी शातिर हैं। मौके से दो कारें, तीन बाइक बरामद की गईं। बरामद मोबाइल की जांच कराई जाएगी। सीओ वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराकर चालान करा दिया गया।
जुआरियों को पकड़ने का आडियो वायरल, सिपाही सस्पेंड
पूरनपुर। जुआ पकड़ने के बाद सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल हुआ। इसके बाद सिपाही रोहित सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। आइडियो में पुलिस डेढ़ लाख रुपये महीना लेकर जुआ कराने का आरोप है। दो अफसरों और एक दरोगा को भी रुपये दिए गए थे।
आडियो में गिरफ्तार हुए एक जुआरी के पुत्र और सिपाही के बीच उस समय की बातचीत है जब पुलिस जुआ खेलने के आरोपियों को पकड़कर कोतवाली ले गई थी। आरोपी का पुत्र सिपाही से कह रहा है कि पुलिस ने गलत किया। सिपाही कह रहा है कि बात सुन एक अफसर (अफसर के पद को संबोधित करते हुए) हाल में चले गए इन लोगों को सोचना चाहिए था। आरोपी का पुत्र कहता है कि डेढ़ लाख रुपये महीना जाता था। दरोगा सहित सब लेते थे। सिपाही कहता है कि मैं गुनहगार नहीं हूं। हां मेरे सामने अफसरों को रुपये आरोपी ने दिए थे। अब मेरी नौकरी तो चली जाएगी। आरोपी का पुत्र कहता है कि नौकरी तो फिर लग जाएगी। मगर मेरे पापा तो हार्ट के मरीज हैं। उन्हें किसी तरह बचवा दें। अफसर कहते हैं कि मुठभेड़ दिखाऊंगा। बात लंबी होने के बाद आरोपी का पुत्र सिपाही से कहता है कि गोवंशीय पशु भी कट रहे हैं। जिसका पैसा पुलिस क्या नहीं ले रही है? सिपाही कहता है कि दरोगा और अन्य अफसर तो बच जाएंगे। मरता छोटा कर्मचारी ही है। ढाबा मालिक से डोडा के नाम पर 1.10 लाख की वसूली के मामले में बगैर प्रकरण का जिक्र कर कहता है कि उसमें भी क्या सबने रुपये नहीं लिए। रिपोर्ट सिपाहियों पर हुई।
ऐसे हुआ खुलासा
पूरनपुर। करीब बीस दिन पहले से जुए का अड्डा न्यूरिया थाना क्षेत्र के एक स्थान पर चलता था। जुआ कराने वालों ने पुलिस से सांठगांठ कर पखवाड़ा भर पहले क्षेत्र में अड्डा शुरू कराया। पुलिस का महीना बंधने के साथ एक जनप्रतिनिधि के करीबी को भी 10 हजार रुपये रोज जाता था। पुलिस से अच्छी सेटिंग होने पर जनप्रतिनिधि के करीबी दिए जाने वाले रुपये बंद कर दिए। कई दिन इंतजार करने के बाद जनप्रतिनिधि के करीबी ने इसकी शिकायत पुलिस के उच्च अफसरों से कर दी। अफसर की सख्ती पर पुलिस को मजबूरी में कार्रवाई करनी पड़ी। चर्चा है कि अफसर की नजरों में पाक, साफ बनने को पुलिस मुठभेड़ भी दिखा दी गई। अगर पुलिस सही समय पर छापा मारती। तब कहीं नामी लोग जुआं खेलते पकड़े जाते। पकड़े गए तालिब का कहना है कि जुआ खेलते समय पुलिस ने नहीं पकड़ा। रास्ते में सबको कारें रोककर पकड़ा था। पिता-पुत्र साथ जुआ नहीं खेल सकते।
जुआरियों को सूचना देने के आरोप में सिपाही रोहित सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। वायरल ऑडियो की जांच कराई जा रही है। इसके बाद अन्य दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - दिनेश कुमार पी, एसपी