अमरिया। ससुराल से बिना बताए अपने घर पहुंचे युवक ने अज्ञात कारणों के चलते रस्सी का फंदाकर गले में डालकर अपनी जान दे दी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के बिलासपुर निवासी उमेश कुमार ने बताया कि उसका 25 वर्षीय भाई प्रेमपाल पत्नी पूजा के साथ गांव में ही स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। रविवार देर रात वह बिना किसी को सूचना दिए अपने घर आया। खुद को कमरे में बंद कर छत के कुंडे में रस्सी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सोमवार सुबह जब परिवार वाले सो कर उठे। तो प्रेमपाल का शव फंदे पर लटका हुआ था। परिवार वालों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर पत्नी भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जानकारी करने के बाद शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। हालांकि परिवार उसकी मौत की वजह नहीं बता पा रहा है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।