पीलीभीत। शहर के बीचोबीच व्यस्त कही जाने वाली चूड़ी वाली गली में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक के हाथ से मोबाइल छीनकर भाग गए। लूट की सूचना पर पहुंची दो थानों की पुलिस वहां सीमा विवाद में उलझ गई। मौके पर पहुंचे अफसरों ने घटनास्थल कोतवाली क्षेत्र बताया। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज की। हालांकि अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला डोरीलाल निवासी स्पर्श वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात साढ़े आठ बजे वह किसी काम से पैदल चूड़ी वाली गली में आए थे। तभी अचानक पीछे से आए दो बाइक युवकों ने उनकी लोवर की जेब में हाथ डालकर मोबाइल लेकर भाग गए। पीड़ित ने मामले की सूचना परिवार और पुलिस को दी। मौके पर कोतवाली इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी और सुनगढ़ी इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां घटना को भूल सीमा विवाद में उलझ गए। जानकारी होने पर एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी और सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम भी आ गए। जहां पहले सीमा विवाद को खत्म कर घटनास्थल कोतवाली का बताया गया। इस पर पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज की। बुधवार को पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। हालांकि तस्वीर स्पष्ट नहीं हो सकी है। सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीमा का कोई विवाद नहीं था। लुटेरों की धरपकड़ के लिए टीमें बनाकर सीसीटीवी चेक कराए जा रहे है। जल्द ही सफलता मिलेगी।