पीलीभीत। मारपीट के मामले में पकड़े गए साथी को थाने छुड़वाने के लिए पहुंचे किन्नरों ने पहले तो पुलिस से उसे छोड़ने के लिए गुहार लगाई। जब उनकी बात नहीं मानी गई, तो किन्नरों ने थाना परिसर में ही कपड़े उतार दिए और फिर हंगामा करने लगे। जहानाबाद थाने में किन्नरों द्वारा हंगामा करने का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें वह अर्द्धनग्न होकर हंगामा करते हुए देखे जा सकते हैं। पुलिस ने छह किन्नरों के खिलाफ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मारपीट के मामले में पकड़े गए साथी (शागिर्द) दीनदयाल और हंगामा काट रहे तीन अन्य किन्नरों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया। बुधवार को चारों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
दो दिन पहले जहानाबाद थाना क्षेत्र के जोशी कॉलोनी के रहने वाले दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी। इसके बाद घायल सुजीत की तहरीर पर पुलिस ने अजय और दीनदयाल नाम के दो आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की थी। मंगलवार रात को दीनदयाल नाम के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस पर रात दस बजे करीब किन्नर समाज के लोग जहानाबाद थाने पहुंच गए और दीनदयाल को छोड़ने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने लगे। जब पुलिस ने उनकी बात नहीं मानी तो किन्नरों ने थाना परिसर में हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे के साथ ही कपड़े उतार कर थाने के गेट और परिसर में नारेबाजी करने लगे। इससे मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वहीं किन्नर समाज के लोगों का आरोप है कि एनसीआर दोनों तरफ से दर्ज की गई थी। पुलिस ने सिर्फ दीनदयाल को ही गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे पक्ष के किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। किन्नरों का हंगामा बढ़ते देख पुरुष और महिला पुलिस फोर्स को लगाकर तीन किन्नरों को पकड़वा लिया जबकि अन्य लोग भाग गए। बुधवार को जहानाबाद थाने में तैनात दारोगा धीर सिंह ने शहर के मोहल्ला फीलखाना निवासी दीपा किन्नर, हिना किन्नर, मुस्कान किन्नर, जहानाबाद के जोशीटोला निवासी अजय, प्रवेश, एटा जिले के रहने वाले लव मिश्रा उर्फ सौरव मिश्रा और एक अज्ञात किन्नर के खिलाफ सरकारी कार्य में बांधा डालना, बलवे की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। बुधवार को पुलिस ने दीनदयाल और पकड़े गए अन्य तीन किन्नरों दीपा, मुस्कान और हिना को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर जहानाबाद नरेश कुमार कश्यप ने बताया है कि किन्नर गलत तरीके से एक मारपीट के आरोपी को छोड़ने का दबाव बना रहे थे। जब उनकी बात नहीं मानी गई। तो उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। उनके खिलाफ नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज करते हुए पकड़े गए तीन किन्नर और मारपीट के आरोपी का चालान कर उन्हें जेल भेज दिया है।