पीलीभीत। ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके वालों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस मामले में मृतका के भाई ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ हत्या करने की तहरीर दी है।
बरेली के नवाबगंज के गांव भूड़ा निवासी कमलेश कुमार ने बताया कि उसने अपनी बहन भुवनेश्वरी देवी की शादी एक मई 2015 को जहानाबाद क्षेत्र के गांव सिकलापुर निवासी शिवदयाल पुत्र गंगाराम के साथ की थी। शादी के बाद से कम दहेज का ताना देते हुए ससुराल वाले उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। सोमवार को तड़के सुबह ससुराल में भुवनेश्वरी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर जहानाबाद नरेश कश्यप ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जानकारी जुटाने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर विवाहिता के पति शिवदयाल, त्रिमोहन, सोमपाल, कमला देवी, गंगाराम, नेमा देवी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सदर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना कर साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।