पीलीभीत। पुराने पारिवारिक विवाद में निरंजनकुंज कॉलोनी में हुई मारपीट के मामले में पीड़ित महिला का ही शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। मामले का पता लगने पर शहर विधायक संजय सिंह गंगवार कोतवाली पहुंच गए। कोतवाल से पीड़ितों के साथ न्याय करने की बात कही और पुलिस की कार्रवाई की शिकायत एसपी से की। इसके बाद अब महिला की तहरीर पर एफआईआर दर्ज करने और पुलिस की कार्यशैली की जांच का आश्वासन विधायक को दिया गया। मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। सोशल मीडिया पर भी विधायक और कोतवाल की मुलाकात के फोटो वायरल हुए। एसपी ने सीओ को मामले की जांच दी है।
घटना कोतवाली क्षेत्र की निरंजनकुंज कॉलोनी में शनिवार रात हुई थी। एक परिवार के दो पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई थी। इस मामले में एक पक्ष से महिला भी घायल हुई थी, आरोप है कि घर में घुसकर उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए थे। इसकी शिकायत लेकर वह कोतवाली पहुंची तो पुलिस ने उसे ही गिरफ्तार कर लिया। फिर शनिवार को शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का पता लगने पर दोपहर को भाजपा शहर विधायक संजय सिंह गंगवार कोतवाली पहुंच गए। उस वक्त कोतवाल मौजूद नहीं थे। कुछ देर बाद कोतवाल के पहुंचने पर विधायक ने उनसे बात की और स्पष्ट कहा कि पीड़ितों के साथ न्याय दिलाने की कार्रवाई की जाए। महिला का चालान किए जाने पर भी नाराजगी जताई और एसपी से कोतवाल की शिकायत की। विधायक से मिली शिकायत के बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया। साथ ही सीओ सिटी को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। उधर, अब महिला की ओर से दी गई तहरीर पर भी एफआईआर की तैयारी कर ली गई है।
देर रात हटाए गए शहर कोतवाल
विधायक से हुए विवाद के बाद एसपी ने इंस्पेक्टर कोतवाली को हटाकर एंटी हृयूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी के पद पर तैनात किया है। उनके स्थान पर गजरौला थाने के प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी को शहर कोतवाली भेजा है। लॉ एंड ऑर्डर सेल में तैनात इंस्पेक्टर इंद्र सिंह को थाना गजरौला प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनाती की गई है। एसपी ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को तत्काल ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरंजनकुंज कॉलोनी में एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद था। इसमें मारपीट में घायल हुई महिला का ही कोतवाली पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया था। मामला संज्ञान में आने पर कोतवाली गए थे। एसपी से शिकायत की गई है। जांच कर कार्रवाई का आश्वासन मिला है। किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। - संजय सिंह गंगवार, शहर विधायक
भाई-बहन के बीच पुराने विवाद में मारपीट हुई थी। इस मामले में शहर विधायक से कोतवाली पुलिस की शिकायत मिली है। सीओ सिटी को पूरे मामले की जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा। निष्पक्ष और सख्त एक्शन लेंगे। - किरीट कुमार, एसपी