आंदोलन का मूड बना रहे संविदा कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। द किसान सहकारी चीनी मिल में अब संविदा कर्मचारियों की भर्ती जेएम पोर्टल के माध्यम से होगी। इसकी अनुबंध प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मिल के संविदा कर्मचारियों का बायोडाटा टेंडर प्रक्रिया के तहत एकत्र किया जा रहा है। इसको लेकर मिल के संविदा कर्मचारियों में खलबली मची हुई है।
चीनी मिल में 28 स्थायी और 61 स्थायी सीजनल कर्मचारियों के अलावा 150 संविदा कर्मचारियों की तैनाती है। संविदा कर्मचारी मानदेय न बढऩे, स्थायीकरण आदि को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं।
अब तक संविदा कर्मचारियों की तैनाती मिल अफसरों के माध्यम से की जाती थी पर अब यह जेएम पोर्टल के माध्यम से होगी। ऐसे में यहां तैनात संविदा कर्मचारियों का बायोडाटा टेंडर प्रक्रिया के तहत मांगा जा रहा है।
डाटा में आधार कार्ड, पेन कार्ड, हाथों की सभी अंगुलियों का बायोमैट्रिक कराने को कहा गया है। इस जानकारी से मिल के संविदा कर्मचारियों में खलबची मच गई है। संविदा कर्मचारी आंदोलन का मूड बना रहे हैं।
चीनी मिल के जीएम रमाकांत वर्मा और सीए गितेंद्र बाबू ने बताया कि सभी सरकारी कार्यालयों में जेएम पोर्टल के माध्यम से संविदा कर्मचारी रखने के आदेश हैं। कई चीनी मिलों और सरकारी कार्यालयों में भी जेएम पोर्टल के माध्यम से संविदा कर्मचारी रखे जा रहे हैं। पूरनपुर चीनी मिल में भी अब जेएम पोर्टल के माध्यम से ही संविदा कर्मचारी रखे जाएंगे।