नायब तहसीलदार को मौके से हटाते एसडीएम रामस्वरूप।
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। मंडी समिति में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब नायब तहसीलदार ने किसान को औकात दिखाने की धमकी दे दी। किसानों ने नायब तहसीलदार को घेरकर खरी-खोटी सुनाईं। सूचना मिलने पर एसडीएम पहुंचे। आक्रोशित किसानों को शांत करने का प्रयास किया। इस पर किसान नायब तहसीलदार की डॉक्टरी कराने की मांग करने लगे। किसानों का आरोप था कि नायब तहसीलदार ने नशे में अभद्रता की है। एसडीएम के सामने नायब तहसीलदार ने कहा कि औकात दिखाने की बात उन्होंने नहीं कही थी। उनकी किसी बात से किसानों को ठेस पहुंची है तो वह क्षमा याचना चाहते हैं। इसके बाद किसान शांत हुए। मगर किसानों ने नायब तहसीलदार को मंडी न भेजने का आग्रह एसडीएम से किया।
मंडी समिति में धान खरीद केंद्र पर पहुंचे नायब तहसीलदार आनंद प्रकाश राय ने खरीद केंद्र प्रभारियों को शीघ्र तौल शुरू करने के निर्देश दिए। कहा कि किसान किसी कीमत पर परेशान न हो। इस दौरान खरीद केंद्र पर खड़े युवा राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के तहसील प्रभारी गुरप्रीत गुरदास के भतीजे लकी ने नायब तहसीलदार से कहा कि वह 16 अक्तूबर से खरीद केंद्र पर हैं। उनके धान की तौल शुरू नहीं हुई। आरोप है कि नायब तहसीलदार लकी को देखते ही भड़क उठे। बोले तुझे तो मैंने पहचान लिया है। तुझे तो औकात दिखाता हूं। इस दौरान खरीद केंद्र पर मौजूद गुरप्रीत गुरदास ने कहा कि औकात दिखाने की क्या बात है। नायब तहसीलदार ने कहा कि अरे तू भी यहां है। तुझे भी पहचान लिया। इस घटना पर किसान नेता मंजीत सिंह प्रधान, मनप्रीत सिंह, बलजिंदर सिंह आदि ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पहुंचे एसडीएम रामस्वरूप आक्रोशित किसानों को शांत करानेे लगे। किसान नायब तहसीलदार की डॉक्टरी जांच की मांग पर अड़ गए। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को मंडी से जाने को कहा। किसानों का कहना था कि नायब तहसीलदार सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। किसानों के बढ़ रहे आक्रोश पर नायब तहसीलदार ने माफी मांगते हुए कहा कि किसान भाई होने के नाते अगर कोई गलती हो गई हो, तो क्षमा चाहता हूं। मगर दारू पीने का आरोप न लगाएं, मैं दारू नहीं पीता हूं। किसानों ने इसके बाद भी नायब तहसीलदार की गाड़ी को घेर लिया। एसडीएम ने बमुश्किल आक्रोशित किसानों को शांत कराया।
चार दिन पहले गांव वक्तापुर में लोगों ने पराली में आग लगाई थी। वहां नायब तहसीलदार ने किसानों पर रौब दिखाना शुरू किया था। इस पर उनकी किसानों से नोकझोंक हुई थी। उसी घटना को लेकर नायब तहसीलदार मंडी में धमका रहे थे। एसडीएम के समझाने पर आक्रोशित किसान मान गए।
- गुरप्रीत गुरदास, सबलपुर
दो, तीन दिन पहले गांव वक्तापुर में किसानों ने सामूहिक पराली जलाई थी। मौके पर पहुंचकर जल रही पराली की वीडियो मैंने बनाई थी। इस दौरान एकत्र हुए किसान वीडियो को डिलीट करने का दबाव बनाने लगा। तब उनको बताया गया कि वीडियो डिलीट नहीं करूंगा। तब एक युवक अभद्रता की कोशिश कर रहा था। सोमवार को युवक को मंडी में देखकर उससे यह कहा गया कि तुम मंडी आ गए। इस पर किसान बेवजह भड़क गए। नशे में होने का आरोप लगाने लगे। जबकि मैं शराब नहीं पीता, यह बात सब जानते हैं।
- आनंद प्रकाश राय, नायब तहसीलदार