पूरनपुर। आवास की पात्रता सूची में नाम होने के बावजूद सुविधा शुल्क न देने पर पात्रों को अपात्र घोषित करा दिया। इसका पता लगने पर गुस्साए ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन देकर जांच कराकर आवास दिलवाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ग्राम सुखदासपुर के कई लोगों ने बृहस्पतिवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इसके बाद खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में कहा गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन लोगों के नाम सूची में थे। आरोप है कि आवास दिलाने के नाम पर उनसे दलालों ने 20-20 हजार रुपये मांगे थे। उन्होंने रुपये नहीं दिए तो अपात्र घोषित करा सूची से नाम काट दिए गए। ज्ञापन देने वालों में राजरानी, सोनी देवी, पिंकी, सोमवती, द्रोपदी, कांती, सीता, बबली, जुगरानी आदि थी।
लोगों का कहना है कि आवास सूची में उनका नाम था, लेकिन बाद में काट दिया गया। सूची को मंगवा लिया गया है। इसकी शीघ्र जांच कराई जाएगी। अगर पात्र होने के बाद भी लाभार्थियों को अपात्र दिखाया गया है तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- सर्वेश कुमार, खंड विकास अधिकारी।