पीलीभीत। डीएम पुलकित खरे ने सात सितंबर की समीक्षा बैठक में मनरेगा कंन्वर्जन कार्य पूरा कराने के लिए पीडब्ल्यूडी के दोनों एक्सईएन, सामाजिक वानिकी के डीएफओ और लघु सिचाई के जेई को 15 दिन का अवसर दिया था। काम पूरे नहीं हुए। डीएम ने बुधवार की बैठक में जानकारी की। इसके बाद चारों अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बरखेड़ा, बिलसंडा, ललौरीखेड़ा, मरौरी, पूरनपुर कार्यक्रम अधिकारियों को चेतावनी जारी की गई है। बीसलपुर और अमरिया के कार्यक्रम अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
गांधी सभागार में आयोजित बैठक में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अधिकारी (एक्सईएन) उदय नारायण, लोक निर्माण खंड एक के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार राना, लघु सिचाई के अवर अभियंता नदीम मलिक को 15 दिन पहले हुई बैठक में पिछले साल के कंवर्जन कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए थे। डीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिनों में काम पूरा करने के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके बाद भी अधिकारी तय समय में काम को पूरा नहीं करा सके। बुधवार को हुई बैठक में डीएम ने समीक्षा करते हुए तीनों अधिकारियों से काम को लेकर जानकारी की। संतुष्ट जवाब नहीं मिलने पर डीएम ने तीनों का वेतन रोकते हुए तीन दिन के अंदर शत प्रतिशत काम पूरा कराने के निर्देश दिए है। 2021-22 के कार्यों को लेकर प्रस्ताव भी मांगे गए है। इसके अलावा प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजीव कुमार का मनरेगा कंवर्जन के तहत लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रस्ताव प्रेषित नहीं करने पर उनका वेतन रोकते हुए तीन दिन में प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए है। अन्य संस्थाओं को भी तीन दिन के अंदर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है। मनरेगा के भुगतान में देरी को लेकर कार्यक्रम अधिकारी बरखेड़ा, बिलसंडा, ललौरीखेड़ा, मरौरी, पूरनपुर को चेतावनी जारी की गई है। विकास खंड अमरिया और बीसलपुर क्रमश: 14, 23 ग्राम पंचायतों में 22 सितंबर तक कोई कार्य नहीं होने पर कारण बताओं नोटिस जारी किए गए है।
पिछली बैठक में मनरेगा कंवर्जन कार्य 15 दिन में शतप्रतिशत पूरे करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अधिकारियों द्वारा कार्य को 15 दिन में भी पूरा नहीं किया गया है। वेतन रोकने के साथ ही तीन दिन का शत-प्रतिशत काम समय दिया गया है। इसके बाद भी काम पूरा नहीं होता है, तो शासन को लिखा जाएगा। - पुलकित खरे, डीएम पीलीभीत