बीसलपुर। ग्राम दियोरिया के लोगों ने धर्मस्थल के पास मीट की दुकान खुलने पर मंगलवार शाम दियोरिया कोतवाली का घेराव किया। विधायक और तहसीलदार के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
गांव दियोरिया के काफी लोगों ने मंगलवार की सुबह कोतवाली में संयुक्त पत्र देकर मंदिर के पास खोलने जा रही मीट की दुकान बंद कराने की सामूहिक मांग की थी। पुलिस द्वारा ध्यान न दिए जाने पर ग्रामीणों ने शाम को कोतवाली का घेराव कर लिया। कोतवाल मनीराम सिंह ग्रामीणों को दुकान न खुलने का आश्वासन देकर घेराव खत्म करने को कहते रहे लेकिन ग्रामीणों ने घेराव खत्म नहीं किया। मामला जानकारी में आने पर भाजपा विधायक रामसरन वर्मा और तहसीलदार जनार्दन तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी मांग पूरी कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने घेराव खत्म कर दिया। ग्रामीणों का नेतृत्व ग्राम प्रधान अजय सिंह ने किया।