पीलीभीत। 14 दिन पहले शाहजी मियां के 118वें उर्स में चादरपोशी के दौरान जायरीन ने कोविड नियमों का उल्लंघन करते हुए चादरपोशी की थी। कोरोना काल में अधिक भीड़ होने और नियमों का पालन न होने के कारण कोतवाली पुलिस ने आयोजक और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन और कोविड महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर में हर साल शाहजी मियां का उर्स धूमधाम से मनाया जाता था। जहां देश-विदेश से हजारों जायरीन चादरपोशी के लिए वहां पहुंचते है। लेकिन कोरोना के चलते पिछले दो सालों से उर्स के मेला आयोजन पर रोक लगा दी गई थी। इस पर शाहजी मियां के 118वें उर्स के मौके पर भी किसी तरह के मेले के आयोजन और भीड़ एकत्र करने पर रोक लगा दी गई थी। सिर्फ रस्मदायी के लिए 50 लोगों को चादरपोशी करने की परमीशन दी गई थी। लेकिन इसके बाद भी 15 जुलाई और 16 जुलाई को कोविड नियमों का उल्लंघन करते हुए हजारों की संख्या में जायरीन चादरपोशी करने के लिए दरगाह पर पहुंचे। जहां कोई भी मास्क नहीं लगाए था और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहा था। भीड़ की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली क्षेत्र कमल्ले चौराहा चौकी इंचार्ज मोहित कुमार ने आयोजक और चादरपोशी में शामिल होने वाले 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चादरपोशी के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन करने के मामले में आयोजक और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।- वीरेंद्र विक्रम, सीओ सिटी