बीसलपुर (पीलीभीत)। बाईपास रोड पर चीनी मिल के पश्चिमी गेट के पास सोमवार दोपहर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बरेली के छात्र अलफाज (13) की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। बाइक चला रहे व्यक्ति ने हेलमेट लगाया था।
बरेली के मोहल्ला महेशपुर निवासी इस्लामुद्दीन ने बताया कि वह सोमवार दोपहर बीसलपुर के बिलसंडा रोड स्थित बरात घर में आयोजित समारोह में भाग लेने जा रहे थे। बाइक पर उनका 17 वर्षीय पुत्र साहिल और बरेली के थाना सुभाषनगर के गांव करगैना निवासी फिदा हुसैन का 13 वर्षीय बेटा अलफाज भी थे। बाईपास रोड पर चीनी मिल के पश्चिमी गेट के पास पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गए। अलफाज को काफी ज्यादा चोटें आईं थीं। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर बिलसंडा की ओर भाग गया। घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां डाक्टर ने अलफाज को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन आ गए थे। सीएचसी वालों द्वारा भेजे गए मेमो के आधार पर कोतवाली पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। तहरीर न मिल पाने के कारण पुलिस अभी मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर सकी है। इधर, हादसे की खबर पर मृतक के घर चीख पुकार मच गई। सीएचसी में आए मृतक के पिता फिदा हुसैन, मां शबाना बेगम, भाई अनस और बहन अलजहरा का रो-रोकर बुरा हाल था। अलफाज अपने गांव के ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था।