देवहा पुल के पास लोगों ने कर रखा है कब्जा
अतिक्रमण पर स्वीट हाउस समेत दो को पुलिस ने दिया नोटिस
स्टेशन रोड पर स्थित एक स्वीट हाउस और बुक सेलर की दुकान के सामने खड़े होने वाले वाहनों से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने दोनों दुकानदारों को नोटिस दिया है। उधर, बरेली हाइवे पर स्थित देवहा पुल के दोनों ओर अस्थाई रूप से लगाई जा रहीं दुकानों को भी हटवाने के आदेश एसपी ने सुनगढ़ी पुलिस को दिए हैं।
स्टेशन रोड पर थाना सुनगढ़ी और गैस चौराहा के बीच स्थित एक प्रमुख स्वीट्स हाउस और बुक सेलर की दुकानें आमने-सामने हैं। दोनों दुकानों के सामने ग्राहकों की बाइक समेत अन्य वाहनों के खड़े होने से पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। कुछ लोगों ने एसपी से मिलकर समस्या बताई और समाधान कराने की मांग की थी। इसका अलावा बरेली हाइवे पर देवहा पुल के निकट अस्थाई रूप से लगने वाले ठेलों और खोमचों से दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। जिस पर एसपी ने इंस्पेक्टर सुनगढ़ी को दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और देवहा पुल पर लगाई जाने वाली दुकानों को हटाने के आदेश दिए हैं। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि स्टेशन रोड़ के दोनों दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। यदि इसके बाद भी वाहन खड़े मिलते हैं तो वाहनों को सीज कर दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही देवहा पुल पर लगने वाली अस्थाई दुकानों को भी हटाया जाएगा।