पीलीभीत। एडीआरएम अजय वार्ष्णेय बुधवार सुबह पौने दस बजे स्पेशल ट्रेन से जंक्शन पहुंचे। इससे पहले देवहा नदी के पुल का निरीक्षण किया। पुल पर बिना ब्लॉक लिए मजदूरों के पुताई करने पर संबंधित को फटकार लगाई। साथ ही ब्लॉक लेने के बाद ही पुताई के निर्देश दिए। इसके बाद जंक्शन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान भवन गंदा मिलने पर नाराजगी जताई। तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। करीब तीन घंटे बाद विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के लिए शाहजहांपुर रेल खंड के लिए रवाना हो गए। यहां निरीक्षण के दौरान स्टेशन और हाल्ट निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल पर अधिकारियों को बिफरे।
सात जनवरी को पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम का संभावित वार्षिक निरीक्षण है। इसी को लेकर बुधवार को इज्जतनगर मंडल के एडीआरएम अजय वार्ष्णेय निरीक्षण करने पहुंचे। सुबह सवा नौ बजे एडीआरएम स्पेशल ट्रेन जंक्शन से पहले देवहा नदी के पुल पर रुकी। पुल पर मजदूर पुताई कर रहे थे। इसी दौरान एडीआरएम ने विद्युत सप्लाई के ब्लॉक के बारे में पूछा तो संबंधित ने बिना ब्लॉक लिए पुताई कराने की बात कही। इस पर फटकार लगाते हुए दुर्घटना होने की संभावना जताई। ब्लॉक लेने के बाद ही पुताई कराने के निर्देेश दिए। इसके अलावा गेज, पुल की फिटिंग, एप्रोच को देखा। इसके बाद नौ बजकर 50 मिनट पर जंक्शन पहुंचे। यहां आरपीएफ थाने का नया भवन, जंक्शन परिसर, प्लेटफॉर्म पर लगे प्रचार पोस्टर, शौचालय आदि को देखा। जंक्शन का भवन गंदा देखकर नाराजगी जताई। तत्काल पुताई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जंक्शन के पीछे आवासीय कॉलोनी का निरीक्षण किया और कर्मचारियों के परिजन से सुविधाओं के बारे में पूछा। करीब तीन घंटे निरीक्षण के बाद 12 बजकर 50 मिनट पर शाहजहांपुर रेल खंड के शहबाजनगर के लिए विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण को रवाना हो गए।
शौचालय दुुरुस्त कराने के दिए निर्देश
जंक्शन पर निरीक्षण के दौरान शौचालय बंद हालात में मिले। पूछने पर टैंक ओवरफ्लो होने की बात बताई गई। अभी तक दुरुस्त नहीं होने का स्थानीय अधिकारी जवाब नहीं दे सके। एडीआरएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
हाल्ट बनाने से कोई दिक्कत नहीं होगी
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने बताया के लखनऊ रूट पर माला स्टेशन को हाल्ट बनने के बाद भी किसी को कोई दिक्कत नहीं होगी। यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों को वहां रोका जाएगा। इससे यात्रियों को कोई दिक्कत नहीं होगी। अगर यात्रियों को एक्सप्रेस ट्रेनों के रुकने की डिमांड होगी तो उनको भी रोका जाएगा।
इंटरलाकिंग ईंट की खराब गुणवत्ता मिली तो हटवाया
एडीआरएम ने शाहजहांपुर रेल खंड पर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान सभी स्टेशन और हाल्ट के निर्माण की गुणवत्ता को बारीकी से देखा। निरीक्षण में घटिया सामग्री लगाने पर संबंधित अधिकारियों की फटकार लगाई। इंटरलाकिंग ईंट की भी खराब गुणवत्ता मिलने पर नाराजगी जताते हुए हटाने के निर्देश दिए। एडीआरएम के निर्देेश के बाद अधिकारियों ने हटवाने की तैयारी शुरू कर दी। रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग पर भी घटिया सामग्री लगाने पर फटकार लगाई।
निरीक्षण में कुछ खामियां मिली है। जिनको तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। शाहजहांपुर रूट पर ट्रेनों के संचालन को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने का इंतजार है। - अजय वार्ष्णेय, एडीआरएम, इज्जतनगर मंडल