बीसलपुर। पीलीभीत रोड पर गांव जोगीठेर के पास मंगलवार को पिकअप और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गांव नरायनपुर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके पिता 51 वर्षीय मुन्नालाल मंगलवार को दोपहर जरूरी कार्य से बाइक से बीसलपुर जा रहे थे। बाइक पर प्रदीप की पत्नी 21 वर्षीय सोनी भी थीं। रास्ते में गांव जोगीठेर के गन्ना सेंटर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर लगने से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर मुन्नालाल के बड़े पुत्र अमित मौके पर पहुंचे। अमित दोनों को जिला अस्पताल ले गए। जहां मुन्नालाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभी इस संबंध में कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई है। हादसे से मृतक के घर चीख पुकार मच गई है। मृतक के पुत्र अमित, प्रदीप और पुत्री ममता का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।