पीलीभीत। कोरोना की तीसरी लहर का कहर जारी है। रोजाना केस तेजी से बढ़ रहे हैं। मंगलवार को एडीएम एफआर संक्रमित हो गए। उनके समेत 34 नए संक्रमित सामने आए। बीसलपुर नवोदय विद्यालय स्टाफ के दो लोग संक्रमित पाए जाने के बाद स्कूल के सभी 549 बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया। शहर में एक प्राइवेट डॉक्टर की पत्नी भी संक्रमित मिली हैं। अब कुल संक्रमित की संख्या 273 हो गई है।
कोरोना की तीसरी लहर शहर से लेकर गांव तक को अपनी जद में ले रही है। एक दिन पूर्व ही सीएमओ कार्यालय में पांच कर्मी संक्रमित हुए थे। इसमें संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री भी शामिल थे। बीजेपी जिलाध्यक्ष भी परिवार के साथ होम आईसोलेट हैं। हालांकि अभी उनकी रिपोर्ट नहीं आई है। मंगलवार को कुल संक्रमित में से 16 लोग शहर से ही हैं। बाकी ग्रामीण क्षेत्रों से हैं। वहीं विभागीय सूूत्रों के अनुसार आयुर्वेदिक कॉलेज में दो डॉक्टर और स्टाफ के दो अन्य लोग भी संक्रमित हुए हैं, हालांकि देर रात तक उनकी रिपोर्ट अपडेट नहीं हुई थी। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल ले रहा है।
पचास संक्रमित रिकवर हुए
थोड़ी राहत भरी खबर यह है कि पचास संक्रमित ठीक हो गए हैं। अब जिले में कुल एक्टिव की संख्या 208 है। 193 लोग होम आइसोलेट किए गए हैं। कोविड अस्पताल में तीन लोग भर्ती हैं जबकि तीन लोगों का इलाज दूसरे जिलों में चल रहा है। मंगलवार को 1018 लोगों की कांटैैक्ट ट्रैसिंग की गई। वहीं वैक्सीनेशन का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को प्रथम डोज 1440 और दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 10062 रही। 15-18 वर्ष के 7318 किशोरों को टीके लगे।
वैक्सीनेशन बूथ पर खाली बैठे मिले कर्मचारी
सीएमओ मंगलवार को बीसलपुर के कुछ वैक्सीनेशन बूथों का हाल देखने पहुंचे। यहां कुछ बूथों पर कर्मचारी खाली बैठे मिले। जब उनसे पूछा तो उनका कहना था कि कोई वैक्सीन लगवाने नहीं आया। सीएमओ ने कहा तो गांव-गांव जाएं और टीके लगाएं।
नवोदय स्कूल में दो संक्रमित मिले, बच्चों को घर भेजा गया
बीसलपुर। नगर के मोहल्ला शिवाजी नगर का एक युवक और जवाहर नवोदय विद्यालय स्टाफ के दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को उनके अभिभावकों को बुलाकर घर भेज दिया। बच्चों की संख्या 549 है। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य मीनाक्षी गुप्ता ने बताया कि विद्यालय स्टाफ के दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों को अपने घरों क्रमश: बरेली और रुद्रपुर में होम आइसोलेट कर दिया गया है। सीएचसी अधीक्षक ने नवोदय विद्यालय स्टाफ के दो लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के मामले में अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि बुधवार को टीम भेजकर मामले की जानकारी कराएगें। सीएचसी अधीक्षक डॉ ठाकुरदास ने बताया कि मोहल्ला शिवाजी नगर के युवक ने चार दिन पूर्व सीएचसी में ही जांच कराई थी। मंगलवार को जांच रिपोर्ट आ गई है, जिसमें वह कोरोना पाजिटिव पाया गया। उसे होम आइसोलेट कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित पाए गए युवक के संपर्क में आए 50 लोगों के नमूने लिए हैं।